सनी देओल ने की अपनी संपत्ति की घोषणा

punjabkesari.in Monday, Apr 29, 2019 - 08:28 PM (IST)

चंडीगढ़ः गुरदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने सपत्नी अपनी कुल संपत्ति की घोषणा करते हुए इसे 87.18 करोड़ रुपए बताया है। सनी देओल का वास्तविक नाम अजय सिंह देओल है। उन्होंने सोमवार को चुनाव आयोग को अपने नामांकन पत्र के साथ दिए हलफनामे में संपत्ति की घोषणा की। संपत्ति और देनदारियों पर उनके हलफनामे से यह पता चलता है कि 2017-18 में उनकी कुल आय 63.82 लाख रुपए, 2016-17 में 96.29 लाख रुपए और 2015-16 में 2.25 करोड़ रुपए थी। उन्होंने सपत्नी अपनी संपत्ति 87.18 करोड़ रुपए बताई है। 
PunjabKesari

हलफनामे के अनुसार उनकी कुल चल एवं अचल संपत्ति क्रमश: 60.46 करोड़ रुपए और 21 करोड़ रुपए है। देओल ने अपना पेशा फिल्म उद्योग में अभिनेता, निर्देशक और निर्माता बताया है। उन्होंने 26 लाख रुपए नकद और अपनी पत्नी के पास 16 लाख रुपए नकद की जानकारी दी है। चल संपत्ति में देओल ने क्रमश: 9.36 लाख रुपए और 1.43 करोड़ रुपए की जानकारी दी है। अपने हलफनामे में उन्होंने 1.69 करोड़ के वाहन की घोषणा की है। उन्होंने वाहनों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है। उन्होंने अपनी पत्नी के पास मौजूद 1.56 करोड़ रुपए के सोने के आभूषण की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसा कोई निजी आभूषण नहीं है। 

PunjabKesari

अचल संपत्ति में अभिनेता ने कृषि भूमि, गैर कृषि भूमि और मुंबई के ओशिवारा परिसर में 21 करोड़ रुपए के एक फ्लैट की घोषणा की है। देओल ने अपने ऊपर 51.79 करोड़ रुपए की देनदारियों की घोषणा की है। इनमें सरकारी देनदारी 2.49 करोड़ रुपए की है। अपनी शैक्षणिक योग्यता को लेकर अभिनेता ने बताया है कि उन्होंने बर्मिंघम (ब्रिटेन) के द ओल्ड रिप (रिपर्टरी) थिएटर से 1977-78 में अभिनय एवं थिएटर में डिप्लोमा किया है। उन्होंने अपना पता मुंबई में धर्मेंद्र हाउस, विले पार्ले बताया है। गुरदासपुर में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर देओल मौजूदा कांग्रेस सांद एवं पार्टी उम्मीदवार सुनील जाखड़, आप के पीटर मसीह और पीडीए के लाल चंद से मुकाबला करेंगे। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News