जालंधर में 15 वर्षीय लड़की की संदिग्ध मौत, इंसाफ की मांग में निकला कैंडल मार्च
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 05:56 PM (IST)
जालंधर : पंजाब के जालंधर जिले के कस्बा जंडियाला मंजकी में 15 वर्षीय किशोरी लुवनिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 15 जुलाई को उनकी बेटी अपने मौसा के घर गई थी। वहां गहनों को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद मौसा और मौसी ने कथित तौर पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। परिवार का दावा है कि मारपीट के कारण ही उनकी बेटी की मौत हुई।
घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे 15 वर्षीय किशोरी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

