PGI में Swine Flu के 170 Positive मरीज, पंजाब के मरीजों की सबसे बड़ी गिनती
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 12:05 PM (IST)
चंडीगढ़: मौसम बदलने के साथ ही स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। PGI में इस साल अब तक स्वाइन फ्लू (H1N1) और इन्फ्लुएंजा-B समेत इन्फ्लुएंजा के 170 मरीज पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें करीब 50 फीसदी मामले सिर्फ सितंबर के दौरान सामने आए हैं। मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को बुखार, लगातार खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी है। PGI की ओर से फ्लू के मरीजों के लिए विशेष आइसोलेशन वार्ड, जांच और इलाज की व्यवस्था की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार इसकी शुरुआत सामान्य वायरल बुखार जैसे लक्षणों से हो सकती है, लेकिन कुछ मरीजों में यह तेजी से गंभीर सांस संबंधी समस्या का रूप ले सकता है। बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पहले से दिल या फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पंजाब से सबसे ज्यादा मरीज, चंडीगढ़ के 28 केस
PGI के आंकड़ों के अनुसार 170 पॉजिटिव मामलों में पंजाब के 68, हरियाणा के 34, चंडीगढ़ के 28, हिमाचल प्रदेश के 20 और उत्तर प्रदेश के 10 मरीज शामिल हैं। इनमें 83 पुरुष, 87 महिलाएं और 36 बच्चे भी हैं।
ये हैं स्वाइन फ्लू के मुख्य लक्षण
डॉक्टर (प्रो.) पी.वी.एम. लक्ष्मी (महामारी विज्ञान) के मुताबिक स्वाइन फ्लू की शुरुआत सामान्य वायरल बुखार की तरह हो सकती है, लेकिन कुछ मामलों में यह तेजी से गंभीर रूप ले सकता है।
इन लक्षणों पर तुरंत ध्यान देना जरूरी है:
101°F या इससे अधिक बुखार
लगातार खांसी और गले में दर्द
नाक बहना या नाक बंद होना
शरीर और सिर में तेज दर्द
बहुत ज्यादा थकान
सांस लेने में तकलीफ या सांस फूलना
बचाव ही सबसे बड़ी दवा
लोगों को भीड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, हाथों को साबुन से बार-बार धोने, खांसते या छींकते समय मुंह ढकने और बुखार होने पर दूसरों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
PGI की अपील- खुद से दवा न लें
PGI के डॉक्टरों ने बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर खुद से एंटीबायोटिक लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेने की अपील की है। समय पर जांच और उचित इलाज से मरीजों के ठीक होने की संभावना बढ़ जाती है।

