झोटा समेत कई ह/त्याओं पर तरुण चुघ का हमला, बोले- खाकी-खादी में छिपे माफिया हों बेनकाब
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 01:31 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब में लगातार हो रही हत्याओं और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने गुलजार सिंह, मोहंजीत सिंह, परविंदर सिंह झोटा और विक्रमजीत की हत्या के मामलों का हवाला देते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग की।
तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब में हत्याओं की घटनाएं हो रही हैं, पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमले किए जा रहे हैं और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार और पंजाब पुलिस की है, वे खुद अपनी जान जोखिम में डालकर नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
भाजपा नेता ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भय और असुरक्षा का माहौल गंभीर चिंता का विषय है और सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि राज्य में कानून का राज कब स्थापित होगा।
हरपाल सिंह चीमा के बयान पर भी उठाए सवाल
तरुण चुघ ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि परविंदर सिंह झोटा जब नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आगे आए थे, तो अब इस मामले में किसे बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को न्याय और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
CBI जांच की मांग, खाकी और खादी में छिपे दोषियों पर कार्रवाई की मांग
तरुण चुघ ने मांग की कि इन मामलों की सीबीआई से जांच करवाई जाए, ताकि घटनाओं के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि नशा माफिया से जुड़े हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, चाहे वे पुलिस की वर्दी यानी खाकी में हों या राजनीतिक रसूख रखने वाले खादीधारी हों। उन्होंने कहा कि जांच का दायरा किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए। नशा तस्करी के नेटवर्क को चलाने वालों, उन्हें संरक्षण देने वालों और किसी भी स्तर पर उनकी मदद करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार पंजाब की जनता की सुरक्षा के बजाय आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इन घटनाओं पर जवाब चाहती है और सरकार को कानून-व्यवस्था तथा नशा माफिया के खिलाफ अपनी कार्रवाई का हिसाब देना चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

