झोटा हत्याकांड : केंद्र ने पंजाब के चीफ सेक्रेटरी से मांगा जवाब, परिवार का धरना जारी

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 07:24 PM (IST)

मानसा: नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। केंद्र ने पंजाब के चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा से घटना की विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट और राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी है। दूसरी ओर, इंसाफ की मांग को लेकर परिवार का धरना चौथे दिन भी जारी है और परिजनों ने अभी तक झोटा का शव लेने से इनकार कर रखा है।

5 मांगों पर अड़ा परिवार, CM और DGP के इस्तीफे की मांग

परिवार और प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे, मामले की CBI जांच समेत पांच मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। प्रशासन की ओर से परिवार के साथ कई दौर की बातचीत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन पाई है। झोटा के पिता भीम सिंह ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने के बाद ही वे बेटे का शव लेंगे। मृतक का शव मानसा के सिविल अस्पताल में रखा हुआ है और अभी तक पोस्टमॉर्टम भी नहीं हुआ है। उधर, इंसाफ कमेटी ने 19 अक्टूबर को पंजाब भर में आम आदमी पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के आवासों का घेराव करने का ऐलान किया है।
  
मामले में गिरफ्तार मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार के लाइसेंस को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। संबंधित ड्रग इंस्पेक्टर नरेश की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज और मानसा के डिप्टी कमिश्नर ने मामले से संबंधित रिकॉर्ड मांगा है। ड्रग इंस्पेक्टर से देर रात तक पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News