SC विद्यार्थियों के साथ धोखा कर रही आम आदमी पार्टीः हरसिमरत कौर बादल
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 01:54 PM (IST)
चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल की नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब सरकार पर दलित छात्रों के साथ धोखा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा जालंधर में एक बड़े कार्यक्रम के दौरान घोषित की गई छात्रवृत्तियां (स्कॉलरशिप) हकीकत में सिर्फ राजनीतिक दिखावा साबित हुई हैं।

हरसिमरत कौर बादल ने ट्वीट करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने एससी वर्ग के 2.7 लाख छात्रों के लिए 271 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति का बड़े स्तर पर ऐलान किया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद एक रुपया भी छात्रों तक नहीं पहुंचा। उन्होंने दावा किया कि करीब 10 हजार छात्रों को केवल नारे लगवाने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए इकट्ठा किया गया। तालियां तो असली थीं, लेकिन छात्रवृत्ति नहीं मिली।
अकाली नेता ने कहा कि यह किसी भी तरह की शिक्षा नीति नहीं, बल्कि साफ तौर पर राजनीतिक नाटक है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ सरकार छात्रों के लिए पैसे न होने की बात करती है, दूसरी तरफ विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे एक सीधा सवाल खड़ा होता है, शासन या सिर्फ दिखावा? हरसिमरत कौर बादल ने मांग की कि वादा किए गए 271 करोड़ रुपये तुरंत जारी किए जाएं और हर योग्य छात्र के खाते में सीधे ट्रांसफर किए जाएं।

