कमल कौर भाभी हत्याकांड: मुख्य साजिशकर्ता अमृतपाल मेहरों UAE से पंजाब लाया गया
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 09:48 AM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2025 में चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल भाभी’ हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को विदेश से डिपोर्ट कर भारत लाया गया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए गौरव यादव (डीजीपी, पंजाब) ने बताया कि आरोपी को 10 अप्रैल 2026 की तड़के सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर हिरासत में लिया गया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और मिडिल ईस्ट में छिपा हुआ था।
11 जून 2025 को हुई थी सनसनीखेज वारदात
पुलिस जांच के मुताबिक, 11 जून 2025 को आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कंचन कुमारी का अपहरण किया था। इसके बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को एक कार में डालकर आदेश अस्पताल की पार्किंग में छोड़ दिया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
साथियों की पहले ही हो चुकी थी गिरफ्तारी
इस मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन मुख्य आरोपी अमृतपाल घटना के बाद देश छोड़कर फरार हो गया था।
मिडिल ईस्ट में लोकेशन ट्रेस कर शुरू हुई कार्रवाई
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस विंग के तहत काम कर रही ओएफटीईसी (ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल) ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर आरोपी की लोकेशन मिडिल ईस्ट में ट्रेस की। इसके बाद उसके खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गई।
डिपोर्ट कर भारत लाया गया आरोपी
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर भारत डिपोर्ट किया गया। दिल्ली पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस की संगठित अपराध और कानून से भागने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।

