मणिकर्ण साहिब में पंजाबी पर्यटकों के साथ हादसा! फोटो खिंचवाते नदी में बहे पर्यटक
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 08:21 PM (IST)
पंजाब डैस्क : हिमाचल प्रदेश के मणिकर्ण में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंजाब से घूमने आए एक ही परिवार के तीन सदस्य तेज बहाव वाली नदी में बह गए। यह घटना उस समय हुई जब गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने के बाद परिवार के सदस्य नदी किनारे फोटो खिंचवा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाबी पर्यटकों का यह परिवार फोटो खिंचवाने के उत्साह में नदी के काफी करीब चला गया। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से तीनों सदस्य नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बचाव अभियान शुरू कर दिया।
इस दौरान दो पर्यटक कुछ दूरी पर नदी किनारे पहुंच गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि तीसरे पर्यटक को बचाने के लिए राहत एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन आखिरकार उसे भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जांच के बाद तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने पर्यटकों को सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर और बहाव किसी भी समय अचानक बढ़ सकता है। उन्होंने पर्यटकों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

