NRI से 20 करोड़ की फिरौती पाने के लिए आरोपियों का कारनामा, Planning जान आप भी हो जाएंगे हैरान
punjabkesari.in Tuesday, Sep 05, 2023 - 03:23 PM (IST)

फाजिल्का : फाजिल्का के एस.एस.पी. मनजीत सिंह ढेसी द्वारा एक माह पूर्व से अधिक समय से पदभार संभालने उपरांत पुलिस ने कई उपलब्धियां अपने नाम की है। अमरीका पर आधारित आप्रवासी भारतीय जिसको 2 और 3 सितम्बर की मध्यरात्रि को लुधियाना से एक गिरोह जिसमें उसका पूर्व कर्मचारी भी शामिल था, को फाजिल्का पुलिस ने एक घर से मुक्त करा लिया है। अपहरणकर्त्ताओं ने इस सम्पन्न आप्रवासी भारतीय से 20 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। इस संबंध में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे 4 पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किया है।
संवाददाता सम्मेलन में फाजिल्का के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह ढेसी ने बताया कि फाजिल्का उपमंडल के गांव शामा खानका उर्फ फरवावाला गांव के रहने वाले गुरविंदर सिंह, उसकी भाभी (भाई की पत्नी) रमनदीप सोही ने कथित तौर पर जालंधर के मूल निवासी व अमरीका के कैलिफोर्निया में रहने वाले नछत्तर सिंह जोकि लुधियाना में होटल पार्क प्लाजा में ठहरा हुआ था, को बुलाया था। जैसे ही नछत्तर सिंह होटल से बाहर आया तो दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ कथित तौर पर बंदूक के बल पर आप्रवासी भारतीय को जबरन कार में डाल लिया और फाजिल्का की ओर ले गए। उन्होंने पीड़ित को अलग-अलग जगहों पर रखा और अंत में उसे स्थानीय एम.सी. कालोनी के एक घर में ले गए।
ढेसी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर नछत्तर सिंह को पीटा, उसका गलत वीडियो तैयार किया ताकि उसकी रिहाई के बदले 20 करोड़ रुपए की फिरौती हासिल कर सकें। उल्लेखनीय है कि सोही कभी कैलिफोर्निया में नछत्तर सिंह के किराना स्टोर में कर्मचारी थी। एस.एस.पी. ने खुलासा करते हुए कहा कि हनी ट्रैप के प्रयास में आरोपी रमनदीप सोही ने कथित तौर पर अपने पूर्व मालिक नछत्तर सिंह को बहकाने की कोशिश की और बाद में फिरौती की मांग की। मुक्तसर जिले के गांव थांदेवाला के निवासी नछतर सिंह के बहनोई शिंगारा सिंह ने अपहरण के बारे में फाजिल्का पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की और आखिरकार आप्रवासी भारतीय को एक दिन के भीतर छुड़वा लिया और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने इस मामले में उनके कब्जे से 4 पिस्तौल और 17 जिंदा कारतूस भी बरामद किए और दोनों आरोपियों गुरविंद्र सिंह और रमनदीप सोही के साथ उनके साथियों सुनील कुमार उर्फ सोनू निवासी गांव घड़ूमी और अन्य पर मामला दर्ज किया। एस.एस.पी. ने बताया कि आरोपी गुरविंदर सिंह पर पहले से ही विभिन्न मामलों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। संवाददाता सम्मेलन में एस.पी. इंवैस्टीगेशन मनजीत सिंह, डी.एस.पी. सुबेग सिंह व डी.एस.पी. अतुल सोनी उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here