लोगों के लिए खड़ी हुई मुसीबत, मुरम्मत पूरी होने तक बंद रहेगा फाटक

punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 11:30 AM (IST)

होशियारपुर/टांडा उड़मुड़ (परमजीत सिंह मोमी/जैन): दिल्ली-जम्मू रेलवे रूट पर टांडा के पास गांव मूनका का रेलवे फाटक 1 जून को जरूरी काम की वजह से बंद रहेगा। रेलवे अधिकारियों की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, रेलवे डिपार्टमेंट की तरफ से चल रहे काम की वजह से सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रेलवे फाटक बंद रहेगा, जिसकी वजह से गांव मूनक कलां, मूनक खुर्द और बोलेवाल के लोगों से आ रही मुश्किलों के लिए सहयोग की अपील की गई है।

इसी तरह डी.सी. आशिका जैन ने बताया कि होशियारपुर मंडी (रेलवे मंडी) स्थित लेवल क्रॉसिंग बी-50 रेलवे फाटक पर चल रहे मुरम्मत कार्य को बारिश के कारण निर्धारित समय पर पूरा नहीं किया जा सका है। प्रतिकूल मौसम की वजह से कुछ तकनीकी एवं मुरम्मत संबंधी कार्य अभी शेष हैं, जिन्हें सुरक्षित एवं सुचारू ढंग से पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि एस.एस.ई./वर्क्स/जालंधर कैंट उत्तरी रेलवे के संबंधित अधिकारियों के अनुसार फाटक पर आवश्यक मुरम्मत कार्य जारी है और यात्रियों तथा आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लेवल क्रॉसिंग बी-50 को अब 2 जून 2026 तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मुरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही फाटक को यातायात के लिए पुनः खोला जाएगा। डी.सी. आशिका जैन ने कहा कि रेलवे विभाग द्वारा कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आम लोगों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम किया जा सके।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा प्रशासन एवं रेलवे विभाग का सहयोग करें। डी.सी.आशिका जैन ने कहा कि बारिश के कारण उत्पन्न हुई इस तकनीकी स्थिति से लोगों को होने वाली असुविधा के लिए रेलवे विभाग ने खेद व्यक्त किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही फाटक को सुरक्षित रूप से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। आशिका जैन ने आम जनता से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News