Ludhiana : गाड़ी से लटकती जा रही चाइना डोर का कहर, 7 वर्षीय बच्चे की कटी एड़ी
punjabkesari.in Wednesday, Jan 14, 2026 - 01:05 PM (IST)
लुधियाना (राज) : प्रतिबंधित चाइना डोर (सिंथैटिक डोर) का जानलेवा खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शिमलापुरी इलाके में लोहड़ी वाली दोपहर एक मासूम बच्चा इस खूनी डोर की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। डोर बच्चे के पैर में फंसने से उसकी एड़ी अंदर तक कट गई। उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। जहां उसके एड़ी में टांके लगे हैं।

घायल बच्चे के पिता ने बताया कि दोपहर को उसका 7 साल का बेटा अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। तभी गली से एक गाड़ी गुजरी, जिसके साथ चाइना डोर का एक लंबा हिस्सा लटक रहा था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह लटकती डोर किसी बड़ी घटना को अंजाम दे देगी। जैसे ही गाड़ी बच्चे के पास से गुजरी, डोर मासूम के पैर में उलझ गई। ड्राइवर को इसका अहसास नहीं हुआ और उसने गाड़ी आगे बढ़ा दी। पलक झपकते ही डोर ने बच्चे की एड़ी को बुरी तरह काट दिया। बच्चे की चीखें सुनकर वह घर के बाहर आया, तो बच्चा पूरी तरह लहूलुहान हो चुका था। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उपचार शुरू किया। राहत की बात यह है कि फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन गहरे जख्म के कारण डाक्टर टांके लगाने को कहा।
प्रशासन के दावों की खुली पोल, लोगों में रोष
इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच रोष देखा जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकार और प्रशासन की पाबंदी के बावजूद चाइना डोर धड़ल्ले से बिक रही है और उड़ाई जा रही है। लोगों ने मांग की है कि चाइना डोर बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

