Ludhiana में दबंगों की गुंडागर्दी: घर के बाहर गाड़ी निकाल रहे युवक पर बोला धावा, पिस्टल के बट से तोड़ी नाक और फिर...

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 08:54 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे शरारती तत्वों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों का अपने घर के बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। ताजा मामला सामने आया है जहां मामूली कहासुनी के बाद हमलावरों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक घर पर धावा बोल दिया और पिता-पुत्र को लहूलुहान कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक सिमरजोत सिंह 26 फरवरी की सुबह करीब सवा 11 बजे अपनी आई-20 कार घर से बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान साहिल कपूर और उदित कपूर ने अपनी स्कूटी पीड़ित की कार में मार दी और झगड़ा शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब इस झगड़े के महज 15-20 मिनट बाद आरोपी अपनी एंडेवर गाड़ी में करीब 5-6 अज्ञात साथियों को लेकर आए जिनके हाथों में तेजधार हथियार और पिस्टल थी। थाना डिविजन नंबर 6 की पुलिस ने इस मामले में आरोपी साहिल कपूर, उदित कपूर, सुनील कपूर, कमल और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने उस पर पिस्टल के बट से हमला किया जिससे उसकी नाक पर गंभीर चोट आई। जब बीच-बचाव करने पीड़ित के बुजुर्ग पिता सामने आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि सुनील कपूर नामक व्यक्ति ने बुजुर्ग की दाढ़ी नोचते हुए उनके चेहरे पर इतना जोरदार मुक्का मारा कि उनका नीचे वाला दांत टूट गया। इस खूनी खेल और छीना-झपटी के दौरान पीड़ित के गले से 2 तोले की सोने की चेन भी कहीं गायब हो गई। सरेआम हो रही इस मारपीट को देख जब स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे तो हमलावर जान से मारने की धमकियां देते हुए अपनी गाड़ी सहित वहां से फरार हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News