Ludhiana: फ्लाईओवर के नीचे मौत का तांडव, बेकाबू ऑटो ने मचाई तबाही

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 02:00 PM (IST)

लुधियाना (राज): लुधियाना में एक भयानक हादसा होने की खबर सामने आई है। जिले के ढंडारी फ्लाईओवर के नीचे मौत का तांडव देखने को मिला। दरअसल, ट्रांसपोर्ट रोड ढंडारी कलां पर एक तेज रफ्तार ऑटो मौत बनकर दौड़ा। लापरवाही से चलाए जा रहे एक ऑटो रिक्शा ने पहले बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में लिया और फिर सामने से आ रहे दूसरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक और ऑटो के परखच्चे उड़ गए। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।

इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और दूसरे ऑटो में सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल है। गनीमत रही कि ऑटो में सवार 3 मासूम बच्चे इस भयानक टक्कर में बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, बेकाबू ऑटो का ड्राइवर बेहद तेज रफ्तार में था। इस टक्कर में नीतीश कुमार (20) निवासी झाबेवाल, चंडीगढ़ रोड मंगल (37) निवासी शिवपुरी की जान चली गई। नीतीश एक होजरी फैक्ट्री में दर्जी का काम करता था, जबकि मंगल मूल रूप से गुजरात का रहने वाला था और अपनी पत्नी माया के साथ मिलकर पुराने कपड़े बेचने का काम करता था।

हादसे के वक्त मंगल अपने परिवार के साथ ऑटो में जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंगल की पत्नी माया की टांग टूट गई, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ऑटो ड्राइवर अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक नीतीश के भाई रवि के बयानों के आधार पर अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  केस दर्ज कर ऑटो को कब्जे में ले लिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि ऑटो नंबर के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News