लुधियाना में ऑटो चालकों का हल्ला बोल, डीसी ऑफिस का किया घेराव

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 01:36 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): शहर की ऑटो यूनियन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को डिप्टी कमिश्नर (डीसी) कार्यालय का जोरदार घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ऑटो चालक और यूनियन पदाधिकारी डीसी ऑफिस के बाहर एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

इन मुद्दों पर हुई चर्चा
यह प्रदर्शन शहीद भगत सिंह मिनी ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन, पंजाब (पिंड सिधवां बीट, तहसील जगराओं, जिला लुधियाना) के बैनर तले किया गया। प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कमिश्नर को मांग पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
यूनियन नेताओं ने बताया कि ऑटो चालकों को परमिट से जुड़ी दिक्कतों, ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, ऑटो स्टैंड की कमी और बढ़ते खर्चों जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को पहले भी कई बार प्रशासन के सामने उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और होगा तेज
यूनियन के जिला प्रधान मनदीप सिंह, प्रधान बलविंदर सिंह, मीत प्रधान जसवीर सिंह और जनरल सेक्रेटरी स्वरण सिंह संधू समेत अन्य पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसमें बड़े स्तर पर प्रदर्शन और चक्का जाम भी शामिल हो सकता है। वहीं, डिप्टी कमिश्नर ने यूनियन प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों के साथ मिलकर जल्द समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News