बसंत पंचमी से पहले चाइना डोर का कहर, जालंधर में युवक का कटा गला
punjabkesari.in Sunday, Jan 18, 2026 - 11:13 PM (IST)
जालंधर: पंजाब में चाइना डोर पर पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद इसकी अवैध बिक्री थमने का नाम नहीं ले रही है। जैसे-जैसे बसंत पंचमी का त्योहार नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे चाइना डोर से जुड़े हादसे भी सामने आने लगे हैं।
ताज़ा मामला जालंधर से सामने आया है, जहां चाइना डोर की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान रुदरवीर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह पतंग उड़ा रहा था, तभी अचानक चाइना डोर उसके गले में फंस गई, जिससे उसकी गर्दन पर गहरा और खतरनाक घाव हो गया।
घटना के बाद युवक की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। गले को गंभीर नुकसान पहुंचने और सांस लेने में परेशानी होने के कारण उसे तुरंत ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा उसकी सर्जरी की जा रही है।
अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम हैं। यह घटना एक बार फिर चाइना डोर के खतरे और उस पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत को उजागर करती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

