AAP की तानाशाही के खिलाफ भाजपा का हुंकार,  लोकतंत्र को कुचलने वालों को जनता देगी करारा जवाब : तरुण चुग

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 07:50 PM (IST)

बटाला : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आज बटाला में आम आदमी पार्टी की तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी रवैये के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भगवंत मान सरकार पर निगम चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जानबूझकर और अवैध तरीके से रद्द करवाने का गंभीर आरोप लगाया।

तरुण चुग ने कहा कि 'आप' सरकार ने बटाला, बरनाला और मोगा के निगम चुनावों में भाजपा के कुल 21 उम्मीदवारों के पर्चे थोक के भाव रद्द करवाए। यह कोई संयोग नहीं बल्कि एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिसका मकसद चुनावी मैदान से भाजपा को बाहर करना है। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में भाजपा परंपरागत रूप से मजबूत रही है, ठीक उन्हीं क्षेत्रों के उम्मीदवारों को निशाना बनाया गया है।

चुग ने बताया कि महिला उम्मीदवारों के साथ भी घोर अन्याय हुआ। एक मामले में तो शिकायतकर्ता ने खुद अपनी शिकायत वापस ले ली, फिर भी आप सरकार ने उस महिला भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया — केवल इसलिए कि उस वार्ड में आप का कोई प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार नहीं था। उन्होंने कहा कि जो सरकार महिला दिवस पर महिला सम्मान के बड़े-बड़े दावे करती है, वही सरकार चुनाव मैदान में महिलाओं के लोकतांत्रिक अधिकार छीन रही है — यह 'आप'  का असली चेहरा है।

तरुण चुग ने कड़े शब्दों में कहा कि भगवंत मान सरकार लोकतंत्र की आत्मा को रौंद रही है। चुनाव एक संवैधानिक प्रक्रिया है, न कि आप की निजी जागीर। जो चुनाव अधिकारी इस गंदी राजनीति के हथियार बने हैं, उनके खिलाफ भी भाजपा उचित कार्रवाई करवाएगी।

चुग ने 'आप' सरकार को उसकी खोखली गारंटियों पर जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान ने स्वास्थ्य क्रांति का वादा किया था — लेकिन साढ़े 52 महीने बीत जाने के बाद भी एक भी नया अस्पताल नहीं बना, एक भी वार्ड नहीं बना। शिक्षा क्रांति का वादा था — एक भी नया स्कूल नहीं बना, बच्चों को सर्दियों में स्वेटर तक नहीं मिले, किताबें नहीं पहुंचीं। बहनों को हर महीने 1000 रुपये देने की गारंटी दी थी — आज पंजाब की हर बहन के नाम 52,000 रुपये का बकाया चढ़ चुका है, एक रुपया भी जेब में नहीं आया। 10 लाख रुपये के मेडिकल बीमे का ढिंढोरा पीटा — लेकिन असल में डिब्बे पर 10 लाख लिखा, अंदर माल एक लाख का। चुग ने खुली चुनौती दी कि पंजाब में एक भी ऐसा व्यक्ति सामने लाओ जिसे 10 लाख का बीमा मिला हो। केंद्र सरकार ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत पंजाब के सभी अस्पतालों में X-ray मशीनें बदलने और प्रयोगशालाएं अपग्रेड करने के लिए पैसा भेजा — AAP सरकार ने वह पैसा अपनी तस्वीरों के बैनर बनाने में उड़ा दिया।

चुग ने कहा कि आप सरकार ने अपने चार साल के राज में पंजाब को चार अभिशाप दिए — गैंगस्टर, रंगदारी, लूट माफिया और भ्रष्टाचार। बटाला जो कभी पंजाब की तरक्की का इंजन था, आज गैंगस्टरों की वजह से पिछड़ गया है। पुलिस स्टेशनों पर 22 बम धमाके हो चुके हैं, बी.एस.एफ. पर हमले हो चुके हैं, पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट दागे गए, गुरुद्वारों और मंदिरों को निशाना बनाया गया — लेकिन भगवंत मान के पास जवाब नहीं। इससे भी शर्मनाक यह है कि 'आप' के मंत्रियों और विधायकों ने अपने-अपने घरों में 'टॉर्चर सेंटर' बना लिए हैं, जहां अधिकारियों को बुलाकर डरा-धमकाकर फाइलें साइन करवाई जाती हैं।  चुग ने यह भी खुलासा किया कि भगवंत मान अपने विदेश दौरे पर जिन दो व्यक्तियों को साथ ले गए — उनमें से एक स्वाती मालीवाल पर हमले का दोषी है और दूसरे पर पंजाब से 100 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है।  

उन्होंने एलान किया कि भाजपा इन सभी अवैध रिजेक्शन को अदालत में चुनौती दे रही है और कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की जा रही हैं। चुग ने चेतावनी दी कि भगवंत मान जो "खंभे" पंजाब में गाड़ रहे हैं — चाहे सत्ता के खंभे हों या भ्रष्टाचार के — भाजपा उन सभी को एक-एक करके उखाड़ फेंकेगी।  जो सरकार 21 उम्मीदवारों के पर्चे रद्द करके खुद को 'डॉन' साबित करने की कोशिश कर रही है, उसका भी यही हश्र होगा। पंजाब की जनता इस तानाशाही को अब और बर्दाश्त नहीं करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News