ठगों ने पंजाब पुलिस के रिटा. सब इंस्पेक्टर को बनाया निशाना, ऐंठे हजारों रुपए

punjabkesari.in Monday, Sep 12, 2022 - 10:49 PM (IST)

भोगपुर (सूरी) : थाना भोगपुर में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया है। साइबर ठगी का शिकार भोगपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से सेवानिवृत्त पंजाब पुलिस सब-इंस्पेक्टर है। पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर जनरल जालंधर रेंज को दी गई शिकायत में पीड़ित ने कहा है कि उसके फोन पर इंग्लैंड के एक नंबर से फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को पीड़ित के गांव का रहने वाला बताया, जो लंबे समय से इंगलैंड में रह रहा था। ठगों के गिरोह ने पीड़ित को पूरी तरह से गुमराह किया और ठग ने कहा कि उसे भारत लौटकर कुछ जमीन खरीदनी है, इसलिए वह पीड़ित के खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर करना चाहता है। शातिर ठग गिरोह के चुंगल में फंसने के बाद उसने अपनी बैंक खाते और आधार कार्ड की जानकारी उन्हें दे दी, जिसके बाद पीड़ित को एक शख्स का फोन आया और उसने कहा कि उसके खाते में 32 लाख 60 हजार रुपए जमा कर दिए गए हैं, जो कल उसके बैंक खाते में जमा हो जाएगा। कुछ देर बाद ठग ने फिर फोन किया कि उसे कंपनी के 1 लाख 60 हजार रुपए देने हैं, जोकि जमा करवाने जरुरी हैं। अगर यह रकम जमां ना हुई तो वह भारत नहीं आ पाएगा। इसलिए आप मुझे अभी 1 लाख 60 हजार रुपए वापस मुझे भेज दें और आप इस रकम को मेरी ओर से भेजे गए 32 लाख 60 हजार रुपए में से काट लेना। 

पीड़ित ठग गिरोह के जाल में फंस गया और उसने 1 लाख 60 हजार रुपए की राशि ठग की ओर से भेजे गए बैंक खाते में जमा करवा दी। पीड़ित की ओर से 1 लाख 60 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर करते ही सभी फोन नंबर बंद आने लगे तो पीड़ित को पता चला की उसके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है। इस धोखाधड़ी की जांच साइबर क्राइम सेल, जालंधर रेंज द्वारा की गई। थाना भोगपुर में गौरव कुमार पुत्र राम अवतार सिंह, सरिता देवी पत्नी प्रवीण सिंह निवासी जगदीशपुर, खुशबू देवी पत्नी फाको सिंह निवासी रामसर लखीसराय व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Subhash Kapoor

Related News