महानगर में बेखौफ घूम रहे शातिर चोरों ने घर को बनाया निशाना, तीसरी मंजिल पर सोता रहा परिवार
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 11:33 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे शातिर चोरों ने इस बार दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए एक मकान को निशाना बनाया और आराम से लाखों रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि जब चोर नीचे कमरों में तिजोरियां तोड़ रहे थे, उस वक्त पूरा परिवार तीसरी मंजिल पर गहरी नींद सो रहा था। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से पूरे घर का कोना-कोना छाना और करीब अढ़ाई लाख रुपए की नकदी व जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए।
पीड़ित परिवार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे रविवार रात करीब 11 बजे हमेशा की तरह अपने घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरों में सोने के लिए चले गए थे। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने छत पर बनी मुमटी के दरवाजे को भी अच्छी तरह से बंद कर दिया था ताकि कोई ऊपर से अंदर न आ सके। लेकिन सोमवार सुबह जैसे ही परिवार के सदस्यों की आंख खुली और वे नीचे आए, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। छत की मुमटी का दरवाजा खुला हुआ था और नीचे कमरों के अंदर सारा सामान कबाड़ की तरह बिखरा पड़ा था।
मकान के अंदर दाखिल हुए शातिर चोरों ने किसी भी चीज को नहीं बख्शा। चोरों ने सबसे पहले अलमारी की मजबूत तिजोरी के लॉक को कटर या किसी अन्य औजार से कतर डाला। इसके बाद कमरे में रखी पेटी, महिलाओं के हैंडपर्स और यहां तक कि बच्चों की मासूम गुल्लक को भी तोड़कर उसमें जमा पैसे निकाल लिए। बेड के दराज बाहर की तरफ खींचे हुए थे, जिससे साफ जाहिर होता है कि चोरों के पास काफी वक्त था और उन्होंने आराम से एक-एक कोने की तलाशी ली।
पीड़ितों के मुताबिक पेटी में संभाल कर रखी गई सोने की कीमती बालियां और करीब 70 से 80 हजार रुपए की हार्ड कैश गायब है। हालांकि, डरा-सहमा परिवार अभी भी अपनी एक-एक चीज का मिलान करने में जुटा है ताकि कुल चोरी हुए सामान की सही लिस्ट बनाई जा सके, लेकिन शुरुआती तौर पर करीब ढाई लाख रुपए का नुकसान आंका जा रहा है। सुबह ही इस सनसनीखेज वारदात की सूचना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस को दे दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुमटी के रास्ते और फिंगरप्रिंट्स के जरिए चोरों का सुराग लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

