बस स्टैंड पर खड़ी बस को बना डाला निशाना! AC का कीमती सामान चोरी, 1 आरोपी गिरफ्तार, 4 फरार

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:37 AM (IST)

लुधियाना(राज): बस स्टैंड इलाके में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने वहां खड़ी एक बस को ही अपना निशाना बना डाला। चोरों ने बस के अंदर लगे एयर कंडीशनर (AC) का बेहद कीमती सामान साफ कर दिया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस गिरोह के एक मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि उसके बाकी साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस को दिए बयानों में रविंदर सिंह ने बताया कि उनकी एक बस (नंबर BR28P-4448) लुधियाना बस स्टैंड के पास स्थित 'मुकुट होटल' की बैक साइड में खड़ी हुई थी। बीती 25 मई को आरोपी करन कुमार उर्फ बच्ची, रोबिन, बिट्टू ग्रेवाल और उनके साथ आए 2 अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सूनी खड़ी बस को देखकर उसके अंदर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बस में लगे एसी (AC) का कीमती सामान, जिसमें अल्टीनेटर, कंप्रेसर और बस की वायरिंग (तांबे की तारें) शामिल थीं, बड़़ी चालाकी से कतर कर चोरी कर लिया और मौके से रफूचक्कर हो गए।

चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक नामजद आरोपी करन कुमार उर्फ बच्ची को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बाकी रोबिन, बिट्टू ग्रेवाल और 2 अज्ञात मुलाजिमों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें भी जल्द ही सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News