शहर में चोरों का आतंक, 7 दुकानों को बनाया निशाना, CCTV खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 06:05 PM (IST)
बठिंडा (विजय): शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। महानगर के बीचों-बीच कोर्ट रोड स्थित पीआरटीसी मार्केट की करीब 7 दुकानों के आउटडोर एसी से चोर कॉपर की तारें चोरी कर ले गए। इससे पहले भी चोर शुभाष मार्केट की दुकानों में लगे आउटडोर एसी की तारें चोरी कर चुके हैं।
दुकानदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे और एसी चलाया तो वह नहीं चला। आसपास की करीब 7 दुकानों के दुकानदारों को भी यही समस्या सामने आई। इसके बाद दुकानदारों ने दुकानों की छत पर जाकर जांच की तो एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर की तारें गायब मिलीं।
दुकानदारों के मुताबिक चोर छतों पर लगे आउटडोर एसी यूनिट से कॉपर की तारें काटकर ले गए। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि बस स्टैंड परिसर में ही पुलिस चौकी स्थित है, इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

