जालंधर में चोटी कटने की तीन घटनाएं सामने आई, लोगों में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Wednesday, Aug 09, 2017 - 08:59 PM (IST)

जालंधर: देश के उत्तरी हिस्से में महिलाओं की चोटी कटने की घटना के बीच कल से आज तक यहां तीन महिलाओं की चोटी कटने की घटना सामने आई है और सबसे अजीब बात यह है कि इनमें से किसी को भी इस बात का पता नहीं चला कि उनकी चोटी कब कटी। पुलिस ने बताया कि शहर के संतनगर इलाके में रहने वाली एक लड़की सलोनी ने यह बताया कि उसकी चोटी कटी हुई मिली। वह बाहर गई थी और जब वापस लौटी तो उसने अपनी चाची से बाल संवारने को कहा और तब पता चला कि उसकी चोटी कटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले कल शहर में चोटी कटने की दो घटनाएं सामने आई थी। दोपहर बाद टैगोर नगर इलाके में रहने वाली राजरानी ने बताया था कि वह अपने घर में सोई हुई थी इसी बीच उसकी चोटी कट गई। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में शहर के भार्गव कैंप स्थित अपने मायके आई एक महिला रीता रानी ने भी अपनी चोटी कटने की शिकायत पुलिस को की थी।
उन्होंने बताया कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि वह दहशत में नहीं आएं और अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। पुलिस ने बताया कि यह आश्चर्य की बात है कि बंद घर में कौन आकर चोटी काट जाएगा, फिर भी वह मामले की पूरी बारीकी से जांच कर रहे हैं और पीड़ितों से पूछताछ की जा रही है। जालंधर में महिलाओं की चोटी काटे जाने की घटना से लोग हैरान और डरे हुए हैं। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि यह शरारत भी हो सकती है।