घने कोहरे से थमी ट्रेनों की रफ्तार, दिल्ली-अमृतसर शताब्दी समेत कई ट्रेनें लेट
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 01:43 PM (IST)
पंजाब डेस्क : घने कोहरे के चलते एक बार फिर ट्रेनें की रफ्तार को ब्रेक लगती नजर आई। उत्तरी भारत में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने के कारण रेल यातायात पर सीधा असर पड़ा है। दिल्ली से अमृतसर और पंजाब के अन्य शहरों की ओर जाने वाली कई ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से चलने वाली अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस करीब एक से डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई। कोहरे के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति सीमित रखनी पड़ी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुबह घना कोहरा छाए रहने से ट्रैक पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी, जिसके चलते एहतियातन ट्रेनों की स्पीड घटाई गई। शताब्दी एक्सप्रेस के अलावा शान-ए-पंजाब और दिल्ली–पठानकोट एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें भी निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं। ट्रेनों के लेट होने से जहां नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई, वहीं जालंधर, लुधियाना और अमृतसर जाने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने समय पर जानकारी न मिलने की भी शिकायत की। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ घंटों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

