युद्ध के साये में दुबई में फंसे बठिंडा के 2 युवक, वीडियो जारी कर लगाई गुहार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 06:04 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): खाड़ी क्षेत्र में चल रही जंग के कारण दुबई में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। एयरपोर्ट बंद होने और फ्लाइटें रद्द किए जाने से सैकड़ों भारतीयों की तरह बठिंडा के दो युवक भी वहां फंस गए हैं। दोनों ने वीडियो जारी कर पंजाब सरकार से सुरक्षित वापसी की अपील की है।
जानकारी के अनुसार बठिंडा शहर के अवनीश गोयल और दरपण बंसल 27 फरवरी को पांच दिन की छुट्टियां मनाने के लिए दुबई गए थे। उनकी वापसी की फ्लाइट 4 मार्च को निर्धारित थी, लेकिन उनके पहुंचने के अगले ही दिन क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट बंद कर दिए गए और सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे उनकी वापसी की फ्लाइट भी कैंसिल हो गई।
वीडियो संदेश में दोनों युवकों ने बताया कि वे सीमित बजट के साथ केवल पांच दिन के खर्च के हिसाब से दुबई पहुंचे थे। अचानक हालात बिगड़ने से उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। होटल में ठहरने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक खर्चों को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी बठिंडा की एक प्रिंसिपल डॉ. नीरू गर्ग अपने परिवार समेत दुबई में फंस गई थीं। उन्होंने भी वीडियो जारी कर केंद्र और पंजाब सरकार से सहायता की गुहार लगाई थी। उस मामले में पंजाब के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने उनसे बातचीत कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था। अब अवनीश गोयल और दरपण बंसल ने भी पंजाब सरकार से अपील की है कि उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएं। उन्होंने बठिंडा के व्यापारी नेता अमित कपूर से भी सहयोग की मांग की है।
इधर, दोनों युवकों के परिजन बठिंडा में बेहद चिंतित हैं। परिवारों का कहना है कि वे लगातार संपर्क में हैं, लेकिन अनिश्चित हालात के कारण मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा है। परिजनों ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि दुबई में फंसे सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तत्काल विशेष प्रबंध किए जाएं, ताकि वे सकुशल अपने घर लौट सकें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

