Ludhiana: बैंक ऑफ बड़ौदा का ATM उखाड़ने वाले 2 शातिर दबोचे, पांच दिन पहले की थी नाकाम कोशिश

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 04:04 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के प्रताप चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM को कटर से काटकर लाखों की नकदी उड़ाने का प्रयास करने वाले 2 शातिर चोरों को थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने सलाखों के पीछे धकेल दिया है। SHO इंस्पेक्टर राजिंदर सिंह की अगुवाई में मुस्तैद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए आधुनिक औजार भी बरामद कर लिए हैं।

काबिलेगौर है कि इस सनसनीखेज वारदात को लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा (प्रताप चौक शाखा) में बतौर सीनियर मैनेजर तैनात नीलम रानी की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 6 में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मैनेजर नीलम रानी ने पुलिस को बताया था कि 12 और 13 जून की दरमियानी रात को अज्ञात नकाबपोश चोरों ने ATM केबिन के अंदर घुसकर कटर की मदद से मशीन के सुरक्षा लॉक को काटने और भारी छेड़छाड़ करके कैश चोरी करने की पुरजोर कोशिश की थी। सुबह जब इस घटना का खुलासा हुआ तो बैंक अधिकारियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।

CCTV कैमरों की फुटेज से बेनकाब हुए आरोपी 

वारदात की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर राजिंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीमों ने बैंक परिसर और प्रताप चौक के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। कैमरों की मदद से पुलिस को आरोपियों के हुलिए और उनके भागने के रास्ते का पुख्ता सुराग हाथ लगा। इसी वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर प्रताप नगर इलाके में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान प्रताप नगर निवासी सुधांशु महाजन और उसके साथी के रूप में हुई है।

अदालत में पेश कर लिया रिमांड, खुल सकते हैं कई बड़े राज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों के पास से ATM तोड़ने और लोहे को काटने वाले कटर व अन्य घातक औजार बरामद कर जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने दोनों शातिरों को स्थानीय अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इससे पहले शहर में और कितनी चोरियों व ATM से छेड़छाड़ की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और इस गिरोह में उनके साथ कोई अन्य बाहरी अपराधी भी शामिल है या नहीं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News