पंजाब की राजनीति में उथल-पुथल, भाजपा ने भी पंजाब में शुरू किया ‘आप्रेशन हिंदू’

punjabkesari.in Saturday, May 21, 2022 - 09:55 AM (IST)

जालंधर (नरेंद्र मोहन): पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने कांग्रेस के नाराज हिंदू नेताओं से संपर्क तेज कर दिया है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी भाजपा में जाने की तैयारी करने लगे हैं। दल-बदल आप्रेशन की बागडोर सीधे केंद्रीय लीडरशिप के गजेंद्र सिंह शेखावत के हाथों में है। इसके लिए सहयोग भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं से लिया जा रहा है। 

भाजपा में शामिल होने के मात्र 24 घंटे में स्वयं सुनील जाखड़ का 2 दर्जन से अधिक हिंदू कांग्रेसी नेताओं से संपर्क हो गया है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार पार्टी का पहले भी पंजाब में कांग्रेसी नेताओं से संपर्क बना हुआ था परंतु सुनील जाखड़ के भाजपा में आने के बाद खफा कांग्रेसी नेताओं से संपर्क में अधिक सक्रियता आ गई है। रोपड़ जिला के एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, होशियारपुर जिला के कांग्रेसी नेता, लुधियाना से कांग्रेस के नेता जिनमें पूर्व मंत्री भी शामिल हैं, से जाखड़ का फोन संपर्क फिर से हुआ है। कुछ जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष भी पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। मानसा से भी कांग्रेस से खफा नेताओं का संपर्क 2 दिन पूर्व चंडीगढ़ में भाजपा नेताओं से हुआ। 

यहां भाजपा में शामिल पूर्व कांग्रेसी नेता राणा सोढी का बयान भी काबिले गौर है कि 21 विधायक भाजपा से संपर्क में है जो यह संकेत करता है कि पंजाब की राजनीति में उथल-पुथल होने की सम्भावना है। सुनील जाखड़ के भाजपा में आने से उनके क्षेत्र अबोहर में राजनीतिक स्थिति बदल गई है। अबोहर में जाखड़ परिवार को ही कांग्रेस माना जाता था। उनके समर्थकों ने अपने वाहनों व घरों से कांग्रेस के झंडे हटा दिए हैं।
भाजपा में शामिल कांग्रेस बुद्धिजीवी सैल के पूर्व अध्यक्ष अनीश सिडाना का कहना है कि कांग्रेस की नीति स्पष्ट नहीं होने से और सम्मान नहीं मिलने से नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं जबकि भाजपा में पार्टी की केंद्रीय लीडरशिप कार्यकर्ताओं से संपर्क रखती है और हर नेता व कार्यकर्ता के योग्य सम्मान को समझती है। सिडाना का दावा है कि केवल हिंदू ही नहीं पंजाब से अनेक सिख नेता भी भाजपा में आने वाले दिनों में शामिल होंगे। इधर सुनील जाखड़ से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि अब जिस पार्टी में आया हूं, उसके कल्याण की बात तो सोची ही जानी है। पंजाब के अनेक कांग्रेसी नेताओं ने उनसे संपर्क किया और बधाई दी। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Recommended News

Related News