पंजाब से मानसून की वापसी शुरू, 12 साल का टूटा बारिश का रिकॉर्ड, 3 दिन में ...

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 01:13 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में अब मानसून का दौर समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य से मानसून की वापसी के लिए मौसम परिस्थितियां अनुकूल बन चुकी हैं। मानसून की वापसी की रेखा इस समय पटियाला और गुरदासपुर के आसपास से गुजर रही है और अगले 2 से 3 दिनों में पंजाब व चंडीगढ़ से भी इसके पूरी तरह लौटने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार, 22 सितंबर को पंजाब के सभी जिलों में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। फिलहाल राज्य में बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है। वहीं मौसम विभाग की ओर से 22 सितंबर से 28 सितंबर तक के पूर्वानुमान में पंजाब के लिए किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

तापमान में मामूली बढ़ोतरी

मानसून की विदाई के साथ ही तापमान में भी हल्का बदलाव देखने को मिला है। राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। पटियाला में मंगलवार को राज्य का सबसे अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

12 साल में बारिश का सबसे कमजोर सीजन

इस बार पंजाब में मानसून ने उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं दी। 1 जून से अब तक राज्य में 267.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 419.2 मिमी बारिश होती है। इस हिसाब से बारिश में करीब 36 फीसदी की कमी रही। मौसम विभाग के मुताबिक, यह पिछले 12 वर्षों में पंजाब में दर्ज सबसे कम बारिश है। इस साल मानसून 1 जुलाई को राज्य में पहुंचा था और करीब 82 दिन बाद अब इसकी वापसी का दौर शुरू हो चुका है।

हवाओं ने बदला मौसम का मिजाज

पंजाब में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की एक वजह उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी हैं। इन हवाओं के चलते वातावरण में नमी घट रही है, जिससे बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी के पास बना डीप डिप्रेशन आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण मध्य भारत में बारिश जारी रह सकती है। हालांकि इसका असर पंजाब में फिलहाल नजर नहीं आ रहा और राज्य में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News