शर्मनाक! सड़क के बीच नशे में धुत युवक, VIDEO शेयर कर Bittu ने AAP सरकार पर साधा निशाना
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 10:33 AM (IST)
लुधियाना, (राज): पंजाब में नशे के गहराते संकट को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। बिट्टू ने सोशल मीडिया पर लुधियाना के अति-व्यस्त दुगरी रोड़ का एक वीडियो साझा किया है। इसमें एक सिख युवक नशे में पूरी तरह धुत्त होकर बीच सडक़ पर अपनी सुध-बुध खोए खड़ा है। भाजपा नेता ने इस खौफनाक दृश्य को पंजाब की मौजूदा दुर्दशा का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री मान पर सूबे को तबाही की ओर धकेलने का गंभीर आरोप लगाया है।
36 सेकंड के वीडियो में दिखा नशे का खौफनाक सच
पूर्व मंत्री द्वारा साझा की गई यह वीडियो क्लिप 36 सेकंड की है। इसके शुरुआत में पंजाबी भाषा में लुधियाना दुगरी रोड लिखा नजर आता है और बैकग्राउंड में पंजाब के दर्द को बयां करता एक भावुक पंजाबी गीत बज रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सफेद कमीज, काली पैंट और चप्पल पहने एक सिख युवक मुख्य सडक़ के बीचों-बीच असंतुलित होकर आगे की तरफ पूरी तरह झुका हुआ है। वह नशे के भारी प्रभाव में इस कदर बदहवास है कि लगातार उसी खतरनाक मुद्रा में बुत बनकर खड़ा रहता है। युवक के दोनों तरफ से दोपहिया वाहन, ऑटो रिक्शा और भारी गाडिय़ां बेहद तेज रफ्तार में गुजर रही हैं, लेकिन नशे में धुत्त होने के कारण उसे अपनी जान के खतरे या किसी भयानक दुर्घटना का रत्ती भर भी अहसास नहीं हो रहा है। वीडियो के अंतिम हिस्से में युवक नशे के झोंके से खुद को बमुश्किल संभालते हुए सीधे खड़े होने की कोशिश करता है। इसके बाद वह बेकाबू और लडख़ड़ाते कदमों से सडक़ पर आगे बढ़ता है और फिर अचानक तेज ट्रैफिक के बीच उछल-कूद करते हुए भागने लगता है। रवनीत बिट्टू द्वारा इस घटनाक्रम को सार्वजनिक किए जाने के बाद पंजाब की सियासत में उबाल आ गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश में पूर्व केंद्रीय मंत्री को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आम लोगों की ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ रहा है।

