पंजाब में ''AAP'' विधायक को झटका! विधानसभा की प्रिविलेज कमेटी से हटाया
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 06:09 PM (IST)
लुधियाना: पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल उर्फ भोला को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति (प्रिविलेज कमेटी) से हटा दिया गया है। पंजाब सरकार की ओर से इस संबंध में गजट नोटिफिकेशन जारी किया गया है। हालांकि, विधायक भोला ने इस फैसले को लेकर स्पष्ट किया है कि उन्होंने खुद विधानसभा स्पीकर से कमेटी में अपनी जगह किसी अन्य विधायक को शामिल करने का अनुरोध किया था।
जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार ने 21 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की, जिसे 22 अक्टूबर को पंजाब सरकार के असाधारण गजट में प्रकाशित किया गया। नोटिफिकेशन के मुताबिक, विधानसभा की कार्यप्रणाली एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम 183 के तहत दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला को वर्ष 2026-27 के शेष कार्यकाल के लिए विशेषाधिकार समिति की सदस्यता से हटाया गया है। यह फैसला 16 अक्टूबर 2026 से प्रभावी माना जाएगा। उक्त विधायक पिछले 4-5 महीनों से विशेषाधिकार समिति की बैठकों में शामिल नहीं हो पा रहे थे। उन्होंने विधानसभा स्पीकर से अनुरोध किया था कि उनकी जगह किसी अन्य विधायक को समिति में शामिल कर लिया जाए।

