वायरल बुखार का कहर! मरीजों की बढ़ी संख्या, सेहत विभाग ने जारी की एडवाइजरी

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 12:30 PM (IST)

अमृतसर (रमन): मानसून मौसम के साथ-साथ अमृतसर में डेंगू और वायरल बुखार का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों, क्लीनिकों तथा स्वास्थ्य केंद्रों में पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार, खांसी, जुकाम, गले में संक्रमण, शरीर में दर्द, सिरदर्द और कमजोरी से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम, बढ़ती नमी और जगह-जगह जलभराव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जबकि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के पनपने के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में एंटी-डेंगू अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमें विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर लारवा की जांच कर रही हैं। इसके अलावा फॉगिंग, जागरूकता अभियान और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों, दुकानों और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, पुराने टायर, छत पर रखे बर्तन और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें, क्योंकि इन्हीं स्थानों पर डेंगू फैलाने वाले मच्छर सबसे अधिक पनपते हैं।

शहर के चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज तेज बुखार, खांसी, गले में दर्द, बदन दर्द और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। कई मरीजों में डेंगू जैसे लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं, जिसके चलते उनकी रक्त जांच और प्लेटलेट्स की जांच कराई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी बुखार डेंगू नहीं होते, लेकिन किसी भी प्रकार के तेज बुखार को नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है। समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।

डेंगू के लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में तेज दर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते, उल्टी तथा प्लेटलेट्स में कमी शामिल हो सकती है। यदि मरीज को सांस लेने में तकलीफ, लगातार उल्टी, नाक या मसूड़ों से खून आना अथवा अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना चाहिए।

डेंगू के डंक से बचने के लिए घर में रखे सभी पानी के बर्तनों, कूलर और टंकियों को पूरी तरह खाली कर साफ किया जाए ताकि मच्छरों के लारवा को नष्ट किया जा सके। इसके साथ ही पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने और बच्चों को मच्छरों से बचाने की सलाह दी गई है। वायरल बुखार या डेंगू की आशंका होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा नहीं लेनी चाहिए। विशेष रूप से दर्द निवारक दवाओं का सेवन चिकित्सकीय सलाह के बाद ही करें। मरीजों को पर्याप्त मात्रा में पानी, नारियल पानी, ओआरएस, ताजे फलों का रस और अन्य तरल पदार्थ लेने की सलाह दी जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News