यमुना नाव हादसा: भजन-कीर्तन के बीच पलटी नाव, ढोलक बजा रहा लुधियाना का युवक लापता

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 03:31 PM (IST)

लुधियाना (गणेश / सचिन): वृंदावन में यमुना नदी में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक नाव हादसे ने श्रद्धालुओं की खुशी को पलभर में मातम में बदल दिया। भक्ति और भजन-कीर्तन के बीच चल रही यह यात्रा अचानक चीख-पुकार में बदल गई, जब श्रद्धालुओं से भरी नाव नदी के बीच हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु दर्शन के बाद नाव के जरिए यमुना पार कर अन्य मंदिरों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाने की कोशिश की।

भजन गूंज रहे थे, अचानक मच गया कोहराम 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव में सवार श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान लुधियाना के जस्सियां इलाके का रहने वाला यश भल्ला, जो एक ढोलक प्लेयर है, भजनों के साथ ढोलक बजा रहा था। माहौल पूरी तरह भक्ति में डूबा हुआ था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

हालत को लेकर चिंता, दुआओं का दौर 

हादसे के बाद यश भल्ला की हालत को लेकर परिजन और परिचित काफी चिंतित हैं। फिलहाल उसकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन हर कोई उसकी सलामती की दुआ कर रहा है। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों का कहना है कि यश एक खुशमिजाज और धार्मिक प्रवृत्ति का युवक है, जो अक्सर भजन-कीर्तन में ढोलक बजाकर सेवा करता है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में उसके लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं।

जांच और बचाव कार्य जारी 

हादसे के तुरंत बाद पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू किया गया। कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल सभी की नजरें घायलों की सलामती और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News