यमुना हादसा मामले में दो और शव बरामद, यश भल्ला अब भी लापता, पिता की गुहार से नम हुई आंखें

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 12:29 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): वृंदावन में यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद हालात और भी गमगीन होते जा रहे हैं। लुधियाना से गए यश भल्ला के पिता ने बताया कि रविवार सुबह तक रेस्क्यू टीमों ने दो शव बरामद किए हैं, जिनकी पहचान ऋषभ शर्मा (जगराओं) और डिंकी (लुधियाना) के रूप में हुई है।

यश भल्ला का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिवार गहरे सदमे में है। पिता ने सरकार से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनके बेटे को जल्द से जल्द खोजा जाए। उन्होंने बताया कि यश पढ़ाई के साथ-साथ ढोलकी बजाता था और परिवार का बेहद होनहार बच्चा है। घर में उसका एक बड़ा भाई भी है और पूरा परिवार उसकी सलामती की दुआ कर रहा है।

हादसे के कारणों को लेकर पिता ने बताया कि नाव, पुल से टकराने के कारण हादसा हुआ। उस समय तेज हवा चल रही थी, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। दूसरी नाव से लोगों की जान बचाने के लिए रस्सियां फेंकी गईं, जिनकी मदद से कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवारों का बुरा हाल है। जिन घरों के चिराग बुझ गए, वहां मातम पसरा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेसुध हैं। प्रशासन की ओर से सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और टीमों की संख्या भी बढ़ा दी गई है, लेकिन लापता लोगों के परिजनों की बेचैनी हर पल बढ़ती जा रही है। सभी को अब सिर्फ एक ही इंतजार है अपने अपनों की कोई खबर मिलने का।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News