''युद्ध नशों विरुद्ध'' मुहिम: कमिश्नरेट पुलिस ने विभिन्न जोनों में लगाए विशेष जागरूकता सेमिनार
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 09:12 AM (IST)
लुधियाना, (राज) : महानगर को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की दलदल से दूर रखने के मकसद से कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना द्वारा शुरू की गई युद्ध नशों विरुद्ध मुहिम के तहत शहर के विभिन्न जोनों में विशेष जागरूकता सेमिनारों का आयोजन किया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में आयोजित इन सेमिनारों में स्थानीय निवासियों, समाजसेवियों और युवाओं ने भाग लिया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक करना था।
कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शहर के अलग-अलग जोनों और सब-डिवीजनों में एक साथ यह जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। सेमिनार में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे की लत से दूर रहने और खेल व रचनात्मक गतिविधियों से जुडक़र अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने बताया कि नशा किस तरह एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर देता है और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को अंधकार में धकेल देता है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस की लड़ाई नशा पीडि़तों से नहीं बल्कि नशे के सौदागरों से है। जो युवा किसी कारणवश नशे की गर्त में फंस चुके हैं, उनके परिवारों को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से उन्हें नशा मुक्ति व पुनर्वास केंद्रों में भर्ती करवाकर उनका उचित इलाज करवाएगा।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे अपने इलाके में नशा बेचने वाले तस्करों और असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। सेमिनार के अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा जैसी सामाजिक बुराई को केवल पुलिसिया सख्ती से खत्म नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए हर नागरिक, माता-पिता और समाज के प्रबुद्ध वर्ग का सहयोग बेहद जरूरी है।

