पंजाब में आंधी-तूफान का Alert, इस तारीख को तेज बारिश की चेतावनी, पढ़ें मौसम का हाल...
punjabkesari.in Monday, Jun 02, 2025 - 09:14 AM (IST)

जालंधर: हिमाचल में गत रोज हुए हिमपात के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हुई है जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग द्वारा 2 जून को आंधी-तूफान व 3 जून को तेज बारिश को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के अधिकतर जिलों में यैलो अलर्ट रहेगा जबकि 4-5 जिलों में राहत रहेगी।
गर्मी के चलते लोग बाहर जाने से गुरेज करते नजर आ रहे हैं। तापमान में गिरावट की बात की जाए तो महानगर जालंधर का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया जोकि बीते कल के मुकाबले 1.7 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।
पंजाब के अधिकतम तापमान में बठिंडा में 42.3 डिग्री, अमृतसर में 38.6, चंडीगढ़ में 40 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। वहीं, लुधियाना के समराला में 41.5 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। फरीदकोट के तापमान में 2 डिग्री की अधिकतम गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग द्वारा पहाड़ी राज्यों में हिमपात की संभावना जताई गई है, जिसके चलते पंजाब के मैदानी इलाकों में तापमान कम होता नजर आएगा। अगले 2 दिन राहत भरे रहेंगे जबकि 3 जून के बाद तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना बताई गई है।