बेअदबी विधेयक लाने के लिए 49 महीने क्यों लगे? पंजाब जानना चाहता है जवाब : चुग

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 09:09 PM (IST)

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि हम श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पूजनीय, गुरु और भगवान मानते हैं और हमारा स्पष्ट मत है कि बेअदबी के मामलों में हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए और दोषियों को उम्रकैद की सजा दी जानी चाहिए। चुग ने मान सरकार से मांग की कि प्रस्तावित धर्मग्रंथों के अपमान एवं बेअदबी विरोधी विधेयक में “प्राण प्रतिष्ठित” हिंदू मूर्तियों को भी स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि आस्था के विषय में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं हो सकता।

चुग ने कहा कि कुछ शरारती तत्व षड्यंत्र के तहत पंजाब में बेअदबी की घटनाओं के जरिए तनाव और अशांति फैलाना चाहते हैं, लेकिन उनके मंसूबे किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिए जाएंगे। चुग ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब जानना चाहता है कि मान सरकार को यह बेअदबी संशोधन विधेयक लाने में 49 महीने क्यों लग गए। उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों के बावजूद आप सरकार ने इस अत्यंत संवेदनशील विषय पर वर्षों तक देरी की, जो उसकी गंभीरता की कमी को दर्शाता है।

चुग ने मान सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों और प्रतीकों की सुरक्षा में पूरी तरह विफल रही है। हाल के समय में कई घटनाएँ सामने आई हैं जिनमें इन प्रतीकों को निशाना बनाया गया है, जो पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। चुग ने कहा कि मान सरकार न तो नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर पाई है और न ही पुलिस थानों की, जिससे सरकार की नीयत और शासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

चुग ने आप सरकार से मांग की कि प्रस्तावित विधेयक में तुरंत संशोधन कर “प्राण प्रतिष्ठित” हिंदू मूर्तियों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट प्रावधान जोड़े जाएं, ताकि सभी आस्थाओं को समान सम्मान मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News