Ludhiana: अस्पताल से घर लौट रही महिला से लूट, विरोध करने पर किया रॉड से वार
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 04:34 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ झपटमारों द्वारा महिलाओं को निशाना बनाने का सिलसिला लगातार जारी है। एम्स बस्सी अस्पताल में कार्यरत सीता नगर निवासी मनजीत कौर पर एक्टिवा सवार एक झपटमार ने हमला कर दिया। महिला ने अदम्य साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, लेकिन शातिर बदमाश ने महिला की गर्दन पर लोहे की रॉड से जोरदार वार कर दिया। हमले में महिला बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़ी, जिसके बाद आरोपी मोबाइल और कवर में रखे 5 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में मनजीत कौर ने बताया कि वह एम्स बस्सी अस्पताल में काम करती हैं। रोजाना की तरह शाम के समय वह अपनी ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात एक्टिवा सवार युवक उनके पास आया और झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। अचानक हुई वारदात के बावजूद मनजीत कौर घबराई नहीं और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे आरोपी युवक को मजबूती से पकड़ लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने अपने पास छिपाई लोहे की रॉड निकाली और मनजीत कौर की गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। रॉड का वार लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसका फायदा उठाकर आरोपी अपनी एक्टिवा स्टार्ट कर ज्वाला सिंह चौक की तरफ तेजी से फरार हो गया।
महिला के अनुसार, छीना गया मोबाइल फोन उन्होंने हाल ही में किस्तों पर खरीदा था। इसके अलावा मोबाइल के बैक कवर में 5,000 रुपये नकद भी रखे हुए थे, जिसे आरोपी फोन के साथ ही लूट ले गया। होश में आने के बाद पीड़िता ने तुरंत अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद थाना हैबोवाल के अंतर्गत आती पुलिस चौकी जगतपुरी में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस वारदात स्थल और ज्वाला सिंह चौक की तरफ जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि एक्टिवा के नंबर और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

