Amritsar : युवक की बेरहमी से ह''त्या, हैरान कर देने वाली है वजह

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 12:23 PM (IST)

अमृतसर (संजीव): थाना सदर के अधीन आशियाना कालोनी में एक युवक की लोहे की राड से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुरजीत सिंह के रूप में हुई, जो पेंटिंग का काम करता था और अपने ठेके के बकाया 90 हजार रुपए की मांग कर रहा था कि उसे मार डाला गया। फिलहाल थाना सदर की पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आस-पास के सी.सी.टी.वी. कैमरों को खंगाल आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

मृतक के भाई करन सिंह ने बताया कि गुरजीत सिंह घरों में पेंटिंग करने का ठेका लेता था। कुछ समय पहले उसने आशियाना कॉलोनी के एक घर में 1.20 लाख रुपए में पेंट करने का ठेका लिया था। लगभग काम पूरा हो जाने के बावजूद भी घर के मालिक उसे पैसा नहीं दे रहे थे, 30 हजार रुपए देने के बाद उसे काम पूरा करने के लिए मजबूर किया जा रहा था, जबकि गुरजीत सिंह उनसे अपनी बकाया राशि मांग रहा था। गुरजीत सिंह आज अपने दो साथियों के साथ पैसे लेने के लिए गया था, जहां मकान मालिक के साथ बहस हुई।

इसके बाद गुरजीत सिंह पर घर के अन्य सदस्यों ने उस पर हमला कर दिया, जबकि गुरजीत के साथी वहां से भाग निकले और उन्होंने उसके घरवालों को जानकारी दी, जब गुरजीत का परिवार मौके पर पहुंचा तो वह खून से लथपथ सड़क पर पड़ा था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया मगर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे थाना सदर के सब-इंस्पैक्टर मनतेज सिंह का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है, जबकि परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम न करवाने पर अड़ा हुआ है। पुलिस इस में गहन जांच कर रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News