बाइक चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, गुस्साई भीड़ ने जमकर पीटा... Video Viral
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 09:41 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के कैलाश नगर इलाके में मोटरसाइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ काबू कर लिया। इलाके में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों से आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर छित्तर-परेड की और उसके कपड़े तक उतार दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो शहर भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी रिहान ने बताया कि वह कैलाश नगर इलाके में रहने वाले अपने एक दोस्त से मिलने आया हुआ था। उसने अपनी मोटरसाइकिल दोस्त के घर के बाहर गली में सामान्य रूप से पार्क की थी। कुछ ही देर बाद एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और सुनसान गली का फायदा उठाकर रिहान की बाइक के हैंडल का लॉक तोडऩे की कोशिश करने लगा। युवक द्वारा बाइक के साथ संदिग्ध छेड़छाड़ करते देख पास मौजूद एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ गई। उसने तुरंत चोर-चोर का शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनते ही आसपास के घरों से लोग और नजदीकी दुकानदार बड़ी संख्या में मौके पर दौड़ पड़े। भीड़ को अपनी तरफ आते देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद लोगों ने उसे चारों तरफ से घेरकर मौके पर ही धर दबोचा। काबू में आते ही आक्रोशित भीड़ ने युवक की जमकर धुनाई शुरू कर दी। इलाके में आए दिन हो रही वाहन चोरियों से परेशान लोगों का गुस्सा इस कदर फूटा कि कुछ लोगों ने हाथापाई के दौरान युवक के कपड़े भी उतार दिए। हंगामे के बीच मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स और प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इलाका निवासियों का कहना है कि कैलाश नगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से बाइक चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिसके चलते जनता का आक्रोश इस रूप में सामने आया। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पीसीआर गश्त बढ़ाई जाए और सक्रिय वाहन चोर गिरोहों पर सख्त नकेल कसी जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

