ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था युवक, रास्ते में हुआ ऐसा हादसा कि चली गई जान
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 12:56 AM (IST)
तपा मंडी (शाम गर्ग): ढिलवां रोड पर गंदे नाले के समीप कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ट्राइडैंट में कार्यरत एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार पक्खो कैंचियां की ओर से तपा मंडी की तरफ आ रही थी, जबकि मोटरसाइकिल सवार ट्राइडैंट में अपनी ड्यूटी समाप्त कर अपने गांव ढिलवां लौट रहा था। इसी दौरान गंदे नाले के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार सहजप्रीत सिंह पुत्र गुरबचन सिंह निवासी गांव ढिलवां सड़क किनारे लगी कांटेदार तार में जा फंस गया। मोटरसाइकिल से गिरने के दौरान उसके जबड़े में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस संबंध में चौकी प्रभारी बलजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि मृतक के शव को मिनी सहारा एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल बरनाला के शवगृह में रखवा दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

