जालंधर में यूट्यूबर ने नाके पर पुलिस पर की फायरिंग, गैं\गस्टर कनेक्शन आया सामने, जांच तेज

punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 12:32 PM (IST)

जालंधर: जंडियाला मोड़ पर शुक्रवार देर रात नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो में सवार एक युवक ने पुलिस कर्मचारी पर विदेशी पिस्टल से गोली चलाने की कोशिश की। पुलिस की मुस्तैदी के चलते गोली का निशाना चूक गया और दोनों राउंड पास की एक दीवार में जा लगे। पुलिस ने मौके से यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर और उसके साथी दिलप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, थाना सदर की चौकी जंडियाला की पुलिस टीम जंडियाला मोड़ पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फगवाड़ा की तरफ से काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रुकवाकर चालक से लाइसेंस और अन्य जानकारी मांगी। इसके बाद गाड़ी में बैठे मनप्रीत सिंह से भी पहचान पत्र मांगा गया।

पुलिस का आरोप है कि आईडी निकालने के बहाने मनप्रीत ने अचानक अपनी जेब से पिस्टल निकाल ली और पुलिस अधिकारी पर फायर करने की कोशिश की। पुलिसकर्मी ने समय रहते उसका हाथ पकड़कर झटका दिया। इसी दौरान पिस्टल से दो गोलियां चल गईं, जो सामने स्थित ढाबे की दीवार में जा लगीं। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को काबू कर हथियार अपने कब्जे में ले लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक-19 पिस्टल बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पिस्टल में तीन गोलियां लोड थीं, जबकि मौके से दो खोल भी बरामद किए गए हैं। मामले में फिल्लौर के गांव अट्टी निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर और मोगा के गांव धर्म सिंह वाला निवासी दिलप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हथियार के स्रोत और फायरिंग के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

गैंगस्टर लिंक और अवैध हथियार के एंगल पर भी जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मनप्रीत ने कथित तौर पर बताया कि उसकी कुछ लोगों से दुश्मनी चल रही है और इसी वजह से उसने आत्मरक्षा के लिए अवैध हथियार खरीदा था। हालांकि, पुलिस को उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान सामने आया कि बड़े गैंगस्टरों से भी उसके तार जुड़े हुए हैं।  बताया जा रहा है कि आरोपी के चार मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह विदेशी पिस्टल कहां से पहुंची और क्या उसके पास कोई अन्य अवैध हथियार भी मौजूद हैं।

ड्राइवर ने बताया सोशल मीडिया का काम

गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में दिलप्रीत सिंह ने बताया कि वह मनी शॉकर के साथ वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करने का काम करता है। वहीं, पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मनी ने हथियार को लेकर कहा कि उसने इसे आत्मरक्षा के लिए अवैध तरीके से खरीदा था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फायरिंग की घटना के साथ-साथ आरोपी के आपराधिक संपर्कों तथा हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News