नई वार्ड बंदी में अकाली-भाजपा द्वारा जीते गए वार्डों के चीथड़े उड़ाए गए

punjabkesari.in Wednesday, Oct 18, 2017 - 04:46 AM (IST)

जालंधर(खुराना): कांग्रेस सरकार दिसम्बर महीने में नगर निगम चुनाव करवाने जा रही है जिसके लिए नई वार्ड बंदी का नक्शा गत रात जालंधर पहुंच गया जिसे अब निगमाधिकारियों द्वारा ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। नई वार्ड बंदी के तहत शहर को 80 भागों में बांटा गया है जिनमें से 40 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। नई वार्ड बंदी की खासियत यह है कि इसमें मौजूदा अकाली-भाजपा पार्षदों के वार्डों के चीथड़े उड़ा दिए गए हैं।

नई वार्डबंदी से कई कांग्रेसी भी नाराज
चाहे नई वार्ड बंदी को शहर के चारों कांग्रेसी विधायकों ने आपस में सलाह करके तथा पूरी तरह हस्तक्षेप करके बनवाया है परन्तु फिर भी कई कांग्रेसी नई वार्ड बंदी से नाराज और निराश हैं क्योंकि उनके राजनीतिक भविष्य पर प्रश्रचिन्ह लग गया है। विधायक सुशील रिंकू की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेजर सिंह का मॉडल हाऊस वार्ड एस.सी. महिला आरक्षित कर दिया गया है। विधायक रिंकू के ही दूसरे सहयोगी हरसिमरनजीत सिंह बंटी भी अपने वार्ड से अभी खुश नहीं हैं। 

अदालत में चैलेंज हो सकती है नई वार्ड बंदी
भाजपा पार्षद रहे रवि महेन्द्रू ने नई वार्ड बंदी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि जानबूझकर बदले की भावना से कई वार्डों को तोड़ा-मरोड़ा और काटा गया है। कई वार्डों को आरक्षित करते समय नियमों का पालन नहीं किया गया, जिसके लिए निगम पास ऑब्जैक्शन दिए जाएंगे, अगर ऑब्जैक्शन दूर न हुए तो नई वार्ड बंदी को कोर्ट में चैलेंज किया जा सकता है।

नई वार्ड बंदी के प्रमुख अंश व बदलाव
-पिछली बार सर्वाधिक वोटों से जीते रवि महेन्द्रू के वार्ड को तोड़ कर उसे एस.सी. लेडीज रिजर्व कर दिया गया है। 
-भाजपा पार्षद रहे मिन्टा कोछड़ के वार्ड को ऐसे तोड़ा गया है कि नक्शे में से उसका नामो-निशान ही मिट गया है। 
-कुछ समय पहले आम आदमी पार्टी में चले गए पूर्व कांग्रेसी पार्षद बाल किशन बाली का अपना वार्ड तथा आसपास के सभी वार्ड रिजर्व कर दिए गए हैं।
-भाजपा पार्षद कंवलजीत सिंह बेदी का वार्ड भी रिजर्व श्रेणी में कर दिया गया है। 
-मेयर सुनील ज्योति के वार्ड को भी कई हिस्सों में बांट कर मुख्य वार्ड को महिला रिजर्व कर दिया गया है।
-के.डी. भंडारी के गृह क्षेत्र सेठ हुक्म चंद कालोनी को फ्रैंड्स कालोनी व रामनगर से जोड़ कर एस.सी. आरक्षित कर दिया गया है।
-भाजपा पार्षद रहे अश्विनी भंडारी के वार्ड को महिला आरक्षित कर दिया गया है।
-विधायक राजिन्द्र बेरी का गृह क्षेत्र सैंट्रल टाऊन भी मास्टर तारा सिंह नगर से जोड़ कर महिला आरक्षित कर दिया गया है। 

भाजपा ने समीक्षा हेतु 4 कमेटियां बनाईं
नई वार्ड बंदी में सबसे ज्यादा प्रभावित भाजपा पार्षदों के वार्ड हुए हैं। पार्टी ने नई वार्ड बंदी की समीक्षा हेतु विधानसभा क्षेत्रों पर आधारित 4 कमेटियां गठित की हैं जो नई वार्ड बंदी का आकलन करके 10 दिन में अपनी-अपनी रिपोर्ट फाइनल करेंगी। 

अभी वार्ड बंदी अधूरी, कुछ बदलाव होंगे
पंजाब सरकार के लोकल बाडीज विभाग ने नई वार्ड बंदी का नक्शा जालंधर निगम को भेज तो दिया है परन्तु साथ ही लिखा है कि नई वार्ड बंदी में कई स्थान खाली छोड़ दिए गए हैं, जिन्हें निगम स्टाफ द्वारा भरा जाना है इसलिए इस वार्ड बंदी को पूरे तरीके से ठीक करके चंडीगढ़ वापस भेजा जाए। इस बीच पता चला है कि कांग्रेसी विधायक सुशील रिंकू भी नई वार्डबंदी से खुश नहीं हैं और अपने क्षेत्र के कुछ वार्डों में बदलाव चाहते हैं, इसलिए नई वार्डबंदी में अभी कांट-छांट की काफी गुंजाइश मानी जा रही है।

-विधायक बावा हैनरी का गृह क्षेत्र ढन्न मोहल्ला भी महिला आरक्षित हो गया है।
-अकाली पार्षद गुरदीप नागरा व गुरपाल टक्कर के वार्डों को एक करके महिला आरक्षित कर दिया गया है।
-कांग्रेसी पार्षद रहे डा. प्रदीप सिंह राय के वार्ड को भी 3 हिस्सों में बांट कर तोड़ दिया गया है। एक हिस्सा जनरल, एक एस.सी. जबकि एक हिस्सा महिला आरक्षित होगा।
-डिप्टी मेयर रही अरविन्दर कौर ओबराय के वार्ड को भी 2 हिस्सों में बांट दिया गया है। एक हिस्सा पुरुष तथा दूसरा हिस्सा महिला आरक्षित हो गया है।
-कांग्रेसी पार्षद रही नीरजा जैन के वार्ड को भी 3 हिस्सों में बांट दिया गया है।
-कांग्रेसी पार्षद रही अरुणा अरोड़ा के मॉडल टाऊन वार्ड को 2 हिस्सों में बांट कर पुरुष व महिला आरक्षित कर दिया गया है। 

निगम चुनाव के दावेदार सरगर्म हुए
नई वार्ड बंदी का नक्शा निगम पहुंचते ही आगामी निगम चुनाव के कई दावेदार एकाएक सरगर्म हो गए हैं। इन दावेदारों ने मंगलवार को निगम ऑफिस जाकर नई वार्ड बंदी का कपड़े पर बना हुआ बड़ा नक्शा देखा। भारी भीड़ के चलते निगम टीम को वार्ड बंदी दुरुस्त करने में मुश्किल पेश आई, जिस कारण बाद दोपहर नक्शे को दिखाने का काम रोक दिया गया। निगम स्टाफ ने उसमें बदलाव शुरू कर दिया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News