Gurdaspur : दिनदहाड़े NRI के घर चोरी, नकदी और सोने के गहने ले उड़े चोर
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 07:53 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन): पुलिस जिला गुरदासपुर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला थाना भैणी मियां खां के अधीन गांव चक शरीफ से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े चोरों ने एक एनआरआई के घर में धावा बोलकर नकदी और कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित एनआरआई बीबी हरप्रीत कौर ने बताया कि वह अपने ससुर रूप सिंह के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहती है। घटना वाले दिन वह किसी जरूरी काम से घर से बाहर गई हुई थी और उसके ससुर भी घर पर मौजूद नहीं थे। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने कमरे के दरवाजे पर लगा ताला ईंट से तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने अलमारी के दराजों को खंगालते हुए करीब 50 हजार रुपये नकद, 4000 न्यूजीलैंड डॉलर और लगभग नौ तोले सोने के गहने चोरी कर लिए। इसके अलावा घर के अन्य कमरों में भी सामान को अस्त-व्यस्त किया गया, लेकिन मुख्य नुकसान नकदी और गहनों के रूप में हुआ।
उन्होंने बताया कि जब वह घर वापस आई तो ताला टूटा हुआ मिला और ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल की गई ईंट भी मौके पर पड़ी थी। अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी और सामान गायब था। घटना की सूचना तुरंत थाना भैणी मियां खां पुलिस को दे दी गई।
मौके पर पहुंचे एएसआई मेजर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

