भगत सिंह नगर में गंदे पानी ने ली एक जान

punjabkesari.in Wednesday, Feb 07, 2018 - 07:25 AM (IST)

जालंधर (खुराना): मॉडल हाऊस के साथ लगते भगत सिंह नगर के निवासी पिछले करीब 6 महीने से क्षेत्र में गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायतें कर रहे थे परन्तु निगमाधिकारियों की लापरवाही के कारण क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई का फाल्ट दूर नहीं हुआ जिससे मोहल्ले में पीलिया फैलने के कारण आज एक 50 वर्षीय व्यक्ति शाम लाल की मौत हो गई। उसे हैपेटाइटिस-सी हुआ था जो जानलेवा साबित हुआ। 

मृतक के परिजनों तथा मोहल्ला निवासियों ने आरोप लगाया कि करीब 6 महीने से इस मोहल्ले में सीवरेज मिक्स पानी सप्लाई हो रहा है जिस बारे पूर्व पार्षद को भी शिकायतें की गईं। उसके बाद निगम चुनाव हुए और करीब 4 महीने निगम पर अफसरों का राज रहा। इन 4 महीनों में अफसरों ने 200 फुट पाइप तक नहीं बदली और इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जिस कारण एक घर का मुखिया चला गया। मोहल्ला निवासियों ने बताया कि मौजूदा पार्षद ओंकार राजीव को भी इस समस्या बारे कई बार बताया गया परन्तु फिर भी समस्या ज्यों के त्यों है। दिसम्बर से समस्या और ज्यादा बढ़ गई हैं। मोहल्ले के कई और लोग भी पीलिया से पीड़ित रहे हैं। 

मेयर राजा ने दिए जांच के आदेश
मेयर जगदीश राज राजा ने गंदे पानी के कारण हुई मृत्यु की जांच के आदेश देते हुए कहा कि उन्हें इस समस्या बारे या मृत्यु के कारणों बारे ज्यादा जानकारी नहीं है परन्तु यदि अधिकारियों की लापरवाही है तो अवश्य एक्शन होगा। 

समस्या सुलझाने के प्रयास किए : पार्षद  
क्षेत्र के मौजूदा पार्षद ओंकार राजीव टिक्का ने कहा कि भगत सिंह नगर की समस्या उनके ध्यान में है। यह कहना गलत है कि उन्होंने इसे सुलझाने बारे प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि निगम से टीम बुलाकर पक्की गली को कई जगह से तोड़वाया गया। पार्षद ने माना कि पहले लिए गए पानी के सैम्पल फेल हुए परन्तु साथ ही कहा कि 2 घरों की गली हुई पाइपों को बदलने के बाद जब फिर सैम्पल लिए गए तो वह पास हो गए। उन्होंने कहा कि उन्हें मृत्यु के कारणों का नहीं पता।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News