स्वामी विवेकानंद के संदेश वाला पत्थर तोड़ने पर भड़के सामाजिक संगठन

punjabkesari.in Friday, Jul 05, 2019 - 10:51 AM (IST)

जालंधर(खुराना): स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत गत दिवस वर्कशॉप चौक में लगे स्वामी विवेकानंद के संदेश वाला पत्थर तोडऩे पर सामाजिक संस्थाएं भड़क उठी हैं। आज शहर की सामाजिक संस्थाओं ने एकत्रित होकर केन्द्र सरकार के शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लगभग 1950 करोड़ के जालंधर स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट में जनता के करोड़ों रुपए अकारण खर्च कर भ्रष्टाचार करने की शिकायत की।

इन संस्थाओं में युवा शक्ति संघ, कृष्णा दुर्गा क्लब मोहल्ला गोबिंदगढ़ सोसाइटी, जय भवानी सेवा समिति, भगवती क्लब बडिग़़, सैनिक विहार नौजवान सभा, चढ़दी कला सेवा सोसाइटी, गुरु नानकपुरा वैल्फेयर सोसाइटी शामिल हैं। युवा शक्ति संघ के प्रधान अशोक सरीन हिक्की (एडवो.) ने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट में शहर वासियों को प्राथमिक सुविधाएं देने की बजाए अधिकारियों ने स्मार्ट करप्शन वाली योजनाएं बना कर अकारण जनता के करोड़ों रुपए खर्चने शुरू कर मोदी सरकार के विजन के उलट काम किया है। सरीन ने बताया कि शहर के सही-सलामत विकसित 11 चौकों के सौंदर्यीकरण के नाम पर 22 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

इतना ही नहीं, पिछले एल.ई.डी. लाइट प्रोजैक्ट पर बहुत शोर मचाने वाली कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का नया रास्ता तलाश कर लिया है। जिस पुरानी योजना में बिना एक पैसा खर्च किए नगर निगम ने 10 साल में 18-20 करोड़ बटोरने थे, अब उस एल.ई.डी. प्रोजैक्ट को स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत 46 करोड़ खर्च करवाने की योजना शुरू होने जा रही है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत 125 करोड़ की लागत से शहर में कमांड एंड कंट्रोल सैंटर बनाने का कार्य शुरू किया है जिसमें 1200 कैमरे लगेंगे व अन्य कार्य होंगे। मात्र 1200 कैमरों से शहर की निगरानी सम्भव नहीं है। वैसे इस तरह के कैमरे लगाने के प्रयोग पहले भी हो चुके हैं जो फेल साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर कांग्रेस की करप्शन करने की योजनाएं बननी शुरू हो गई हैं। 

कांग्रेस दिखा रही स्मार्ट सिटी के सपने  
सरीन ने बताया कि निगम व स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के अधिकारी केन्द्र सरकार से करोड़ों की ग्रांट लेने के लिए झूठी रिपोर्ट पेश कर रहे हैं, क्योंकि शहरवासी दूषित पानी पीने एवं टूटी सड़कों पर मजबूरन चलने से परेशान हैं और पंजाब की कांग्रेस सरकार जालंधर वासियों को स्मार्ट सिटी के सपने दिखा रही है। सभी संस्थाओं ने कहा स्मार्ट सिटी बनाने से पहले शहर वासियों को साफ पानी, सही सड़कें एवं जगह-जगह लगे कूड़े के बड़े-बड़े ढेरों के प्रकोप से मुक्ति दिला कर साफ वातावरण, स्वस्थ जीवन, गड्ढा रहित सड़कें व रात को सड़कों पर रोशनी का प्रबंध करे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Related News