पहला शहर है जालंधर जहां साफ-सुथरी नहर में फैंका जा रहा कूड़ा

punjabkesari.in Monday, Jul 30, 2018 - 03:44 PM (IST)

जालंधर(खुराना): लोगों को साफ-सुथरा रहने की नसीहतें देने वाले सरकारी विभाग खुद प्रदूषण फैलाने में किस प्रकार आगे रहते हैं, इसके उदाहरण तो कई मिल जाएंगे, परंतु जालंधर पहला ऐसा शहर कहा जा सकता है, जहां साफ-सुथरी नहर में भी कूड़ा फैंका जा रहा है और वह भी लोगों द्वारा नहीं बल्कि उस नगर निगम द्वारा जो साफ-सफाई न रखने वाले लोगों के आजकल चालान काट रहा है। 

बात डी.ए.वी. कॉलेज वाली नहर की हो रही है जो शहीद बाबू लाभ सिंह नगर और बावा खेल पुली से होते हुए बस्ती पीरदाद तथा नाहलां गांव की ओर जाती है। अकाली-भाजपा कार्यकाल के समय बस्ती मि_ू के निकट नहर किनारे अस्थायी डम्प बनाया गया था, जो आज विशाल रूप धारण कर चुका है और वहां कई वार्डों का कूड़ा नगर निगम द्वारा ही फैंका जा रहा है। कूड़े को कभी-कभार उठाया जाता है और ऐसा करते समय आधे से ज्यादा कूड़ा नहर में बहा दिया जाता है।

कई बार आपत्ति जता चुका है नहरी विभाग 
नहरों की देखभाल करने वाला नहरी विभाग निगम की इस करतूत पर कई बार आपत्ति जता चुका है और पुलिस प्रशासन तक को लिखकर दिया जा चुका है। नहरी विभाग ने निगम को पत्र लिखकर कई बार चेताया है कि नहर में कूड़ा जाने से न केवल प्रदूषण व बीमारियां फैलती है बल्कि वह कूड़ा नहर की पुलियों में फंस जाता है। जिस कारण नहर टूटती भी है और ओवरफ्लो भी हो जाती है। नहरी विभाग के पत्रों का आज तक निगम पर कोई असर नहीं हुआ है। 

विधायक रिंकू की भी नहीं चलती 
पिछले दिनों विधायक सुशील रिंकू ने स्मार्ट सिटी कम्पनी के सी.ई.ओ. से बैठक करके योजना बनाने को कहा था कि नहर के किनारों को सुंदर बनाया जाए। इसके बावजूद निगम द्वारा नहर किनारे डम्प बनाए गए हैं। ऐसा लगता है जैसे विधायक रिंकू की नगर निगम में नहीं चलती। तभी तो पिछले डेढ़ साल से इस डम्प की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। डम्प के किनारे सड़कें टूट चुकी हैं जहां रोज एक्सीडैंट होते हैं परंतु फिर भी विधायक व अन्य कांग्रेसी नेता चुप्पी साधे हुए हैं।

हस्ताक्षर अभियान चलाकर निगम को किया शर्मसार
समाज सेवी संस्था समर्पण टू द नेशन, जो पिछले काफी समय से नहर किनारे सुंदरता बढ़ाने के प्रयासों में लगी हुई है, ने इन दिनों अपने चेयरमैन अमित शर्मा के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाकर निगम को शर्मसार करने का सिलसिला शुरू कर रखा है। पिछले दिनों दौरान संस्था के वालंटियर्स ने आसपास की कई कालोनियों में जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ा और आज भी डम्प स्थान पर खड़े होकर लोगों से हस्ताक्षर करवाए। सैंकड़ों लोग डम्प हटाने के इस अभियान में शामिल होकर हस्ताक्षर कर चुके है। यह हस्ताक्षर मेयर, निगम कमिश्नर, लोकल बॉडीज के अधिकारियों तथा प्रधानमंत्री मोदी तक भेजे जाने की योजना है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Related News