पंजाब : 10वीं की मैरिट पर प्राइवेट स्कूलों का दबदबा, सरकारी स्कूल रहे पीछे
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 04:26 PM (IST)
अमृतसर (दलजीत): पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा क्रांति के किए जा रहे दावों के बीच प्राइवेट स्कूलों ने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में अपना दबदबा कायम कर लिया है। सरकार के दावों के विपरीत एक बार फिर सरकारी स्कूलों को पीछे छोड़ते हुए प्राइवेट स्कूलों ने मैरिट में अधिक अंक हासिल कर पहली पोजीशन प्राप्त की है। जिला अमृतसर के प्राइवेट स्कूलों ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारते हुए टॉप मैरिट में अपना पूरा दबदबा कायम रखा। जिले में आई 31 मैरिटों में से पहले पांचों स्थान केवल लड़कियों के नाम रहे। तनवीर कौर, गगनदीप कौर और राजप्रीत कौर ने बराबर अंक लेते हुए जिले में पहला स्थान हासिल किया जबकि सुमनप्रीत कौर और चरणजीत कौर ने बराबरी के अंक लेकर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अक्षित कालिया ने भी लगभग 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में विशेष स्थान हासिल किया है। जानकारी के अनुसार पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परिणामों में एक बार फिर प्राइवेट स्कूलों का दबदबा देखने को मिला है।
टॉप-5 में एक ही स्कूल का कब्जा
खास बात यह रही कि जिले की पहली पांचों मैरिटें एक ही स्कूल अंबर पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल, नवां धनेल के खाते में गईं, जिससे स्कूल ने शिक्षा के स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है। परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए लगातार आगे बढ़ रही हैं।
प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्राइवेट स्कूलों की अहम भूमिका
मान्यता प्राप्त एवं एफिलिएटेड स्कूल एसोसिएशन रासा के प्रदेश महासचिव सुजीत शर्मा बब्बलू ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्राइवेट स्कूलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले में आई 31 मैरिटों में विशेष स्थान प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों ने हासिल किए हैं। इस सफलता के लिए स्कूल प्रबंधन, अध्यापक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल हमेशा ही प्रदेश के विकास और शिक्षा प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हैं।
परिणाम आते ही स्कूल में खुशी की लहर
अंबर पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल के डायरैक्टर सुखविंदर सिंह ने कहा कि 10वीं कक्षा में 11 मैरिट उनके स्कूल के विद्यार्थियों के नाम रही हैं। अध्यापकों ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में स्कूल के विद्यार्थी मैरिट सूची में स्थान प्राप्त कर चुके हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

