पैर पसार रहा कोरोना, डॉक्टरों और विद्यार्थियों सहित एक दिन में आए इतने मामले
punjabkesari.in Wednesday, Jan 05, 2022 - 01:46 PM (IST)

अमृतसर(दलजीत शर्मा): अमृतसर में तेजी से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेज के 4 डॉक्टर, 1 बी.एस.एफ. का जवान, 6 विद्यार्थियों सहित 33 नए मामले सामने आए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए कॉलेज काम्पलेक्स में मास्क लगाना जरूरी कर दिया है। वहीं जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है।
जानकारी के अनुसार कोरोना के मामले बढ़ना अमृतसर निवासियों के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। एक ही दिन में 33 नए संक्रमित मिले हैं। ये सभी मरीज कम्युनिटी से हैं, यानी यह जानकारी नहीं मिल पाई कि ये किसके संपर्क में आने से संक्रमण ग्रस्त हुए। इसके साथ ही अब सक्रिय मरीजों की गिनती बढ़कर 93 तक जा पहुंची है। नए साल में कोरोना ने खतरनाक ढंग से दस्तक दी है। 1 जनवरी को जहां 9 संक्रमित मिले थे, वहीं 2 जनवरी को 19 व 3 जनवरी को 20 मरीज मिले। नए साल के इन चार दिनों में कुल 81 मरीज मिले हैं। यह आंकड़ा जनवरी—2021 से अधिक है। पिछले साल इन चार दिनों में 69 मरीज मिले थे। हालांकि यह अलग बात है कि तब सक्रिय मरीजों की गिनती 300 के पास थी।
संक्रमितों में 10 आर्मी व उनके परिवारों से संबंधित हैं। एक बी.एस.एफ. का जवान है। खतरनाक पहलू यह है कि इनमें से 22 संक्रमितों की उम्र 40 से कम है। 5 और 6 साल के दो बच्चों के अलावा 18, 21, 26, 19, 27, 17, 16, 24, 15 व 13 साल के बच्चे व किशोर सहित इनमें 13 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं। उधर, दूसरी तरफ सरकारी मेडिकल कॉलेज के 2 जे.आर. डॉक्टर तथा 2 एम.बी.बी.एस. कर रहे डॉक्टर पॉजिटिव आए हैं। कॉलेज प्रशासन द्वारा 47 डॉक्टरों के सैंपल लिए गए थे जिनमें से 4 डॉक्टर पॉजिटिव आए हैं। पॉजिटिव आए डॉक्टरों के संपर्क में आने वाले दूसरे डॉक्टरों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं। मेडिकल शिक्षा एवं खोज विभाग ने महामारी के बढ़ते क्रम को देखते हुए राज्य के समूह मेडिकल कालेजों में कार्यरत डाक्टरों व छात्रों को मास्क पहनकर कालेज कैंपस में आने के निर्देश जारी किए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here