अंसारी के मामले में अब रंधावा ने CM मान को दी चुनौती
punjabkesari.in Monday, Jul 03, 2023 - 02:12 PM (IST)

पंजाब डेस्कः खतरनाक अपराधी मुख्तार अंसारी को लेकर पंजाब में सियासी घमासान मच गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह की बहसबाजी के बाद अब पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा ने मुख्यमंत्री मान को चुनौती दी है। रंधावा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान मुझे नोटिस भेजेंगे तो मैं मानहानि का केस करूंगा। उनका कहना है कि उन्होंने दिल्ली जाना था लेकिन अब नोटिस मिलने के बाद ही जाएंगे। हालांकि उनकी फ्लाइट की टिकट भी बुक थी।
कैप्टन और रंधावा से वसूलेंगे पैसे: CM मान
बता दें कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि राज्य की जेलों में खतरनाक अपराधी मुख्तार अंसारी के आरामदायक ठहराव पर खर्च किए गए 55 लाख रुपए पंजाब सरकार अदा नहीं करेगी। यह पैसा पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा से वसूला जाएगा। कैप्टन और रंधावा ने बदनाम गैंगस्टर को पंजाब की जेलों में ऐशपरस्ती के साथ रहने की छूट दी, जिसके कारण वह बेहतर ढंग से जानते होंगे। यह लोगों के पैसे की बेशर्मी से की गई लूट है, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।