सुजानपुर में नहर के पुल से पानी में गिरा करीब 50 वर्षीय व्यक्ति, तलाश जारी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 03:03 PM (IST)
पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): पठानकोट के सुजानपुर में नहर के पुल से एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति के पानी में गिरकर लापता होने का मामला सामने आया है। लापता व्यक्ति की पहचान अमले निवासी किशोरी लाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी लाल रोजाना की तरह नहर के किनारे सैर करने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि सैर के दौरान वह नहर के पुल पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पीछे की ओर नहर में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नहर में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बावजूद खबर लिखे जाने तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
परिवार के सदस्य भी अपने स्तर पर उसकी तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है। नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण तलाश करने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

