नौकरी से निकाले जाने पर भड़के युवक ने फैक्टरी को लगाई आग, मौके पर मचा हड़कंप

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 05:55 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): काहनूवान पुलिस ने एक टाइल फैक्ट्री में पेट्रोल डालकर आग लगाने और भारी आर्थिक नुकसान पहुँचाने के आरोप में फैक्ट्री के ही एक पूर्व ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई फैक्ट्री मालिक करन सिंह पुत्र नरेंद्रपाल सिंह, निवासी संत नगर कादियां के बयानों के आधार पर अमल में लाई गई है। 

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह जी.टी. रोड स्थित अड्डा कोट टोडरमल (गोहत खुर्द) के पास 'यूनिव टाइल्स' नाम की फैक्ट्री चलाता है, जहाँ आरोपी बाऊ पुत्र सलविंदर सिंह, निवासी रामपुर पिछले करीब 15 दिनों से ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था।

मालिक के अनुसार उक्त ड्राइवर न तो समय पर ड्यूटी पर आता था और न ही अपना काम सही तरीके से करता था, जिसके कारण उसने 11 फरवरी 2026 को बाऊ का हिसाब-किताब करके उसे काम से हटा दिया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने उसी दिन रात करीब 9:15 बजे फैक्ट्री की दीवार में बने एक छेद (होल) के माध्यम से अंदर पेट्रोल फेंक कर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। इस अग्निकांड के कारण फैक्ट्री का काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बाऊ के खिलाफ बी.एन.एस. की धाराओं 326(G), 324(4) और आई.पी.सी. की धाराओं 336, 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News