संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, अंतिम संस्कार रोककर पुलिस ने शव कब्जे में लिया

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 07:50 PM (IST)

दीनानगर (हरजिंदर सिंह गोराया) – दीनानगर के नजदीकी गांव नई आबादी अवांखा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिवार द्वारा जल्दबाजी में किए जा रहे अंतिम संस्कार को पुलिस ने श्मशानघाट पहुंचकर रोक दिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव अवांखा में 40-42 वर्षीय युवक सतवंत सिंह उर्फ हैप्पी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार ने बिना पुलिस को सूचना दिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी। जैसे ही इस घटना की सूचना दीनानगर पुलिस को मिली, पुलिस मौके पर पहुंच गई और हो रहे अंतिम संस्कार को रुकवा दिया। पुलिस ने अर्धदग्ध शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरदासपुर सिविल अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल परिवार के सदस्य कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं और इस घटना को आत्महत्या बता रहे हैं।

दूसरी ओर, डीएसपी दीनानगर राजिंदर मेहना्स ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीनानगर पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News